श्मशान घाट का निर्माण करने आए श्रमिकों को खदेड़ा, निगम के खिलाफ प्रदर्शन
Lucknow News - शहीद भगत सिंह वार्ड प्रथम में नगर निगम द्वारा श्मशाम घाट बनाने के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध शुरू हो गया है। कॉलोनियों के लोगों ने श्रमिकों को खदेड़ दिया और नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।...

शहीद भगत सिंह वार्ड प्रथम में विस्तारित क्षेत्र में बनी कॉलोनियों के पास नगर निगम की ओर से श्मशाम घाट बनाए जाने का बड़े पैमाने पर विरोध शुरू हो गया। मंगलवार को निर्माण कार्य शुरू करने के लिए पहुंचे श्रमिकों को आसपास की तीन कॉलोनी के लोगों ने मिलकर खदेड़ दिया। नगर निगम के विरोध में प्रदर्शन किया। कॉलोनी के प्रतिनिधिमंडल ने अपर नगर आयुक्त को पत्रक सौंप कर कॉलोनियों के पास श्मशान घाट न बनाए जाने का अनुरोध किया। कहा कि यदि उनकी नहीं सुनी गई तो वह आंदोलन करेंगे। शहीद भगत सिंह वार्ड प्रथम में विस्तारित क्षेत्र में स्थित अमृत कुंज, गुडविल सोसायटी और संगम सिटी कॉलोनियों के बीच में राजस्व की भूमि स्थित है। आसपास कुछ अपार्टमेंट भी बने हुए हैं। यह भूमि सरकारी अभिलेखों में लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र के नाम से दर्ज है। इस भूमि पर नगर निगम की ओर से श्मशाम घाट बनाने के लिए मंगलवार को कुछ श्रमिक पहुंचे और वहां खुदाई का कार्य करने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास की कॉलोनी के लोग वहां पहुंचे और कार्य कर रहे श्रमिकों का खदेड़ दिया। उसके बाद एकजुट होकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। लोगों ने कहा कि यहां पर दूसरे वार्ड के सभासद की पहल पर नगर निगम की ओर से श्मशान बनाया जा रहा है, जिससे आसपास की तीन कॉलोनियां सीधे तौर पर और कुछ दूर पर स्थित दो अपार्टमेंट में रहने वाले हजारों परिवार प्रभावित होंगे। लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। बच्चों में हमेशा डर बना रहेगा। लोगों ने कहा कि यहां किसी भी कीमत पर श्मशान घाट नहीं बनने दिया जाएगा। प्रदर्शन के बाद कॉलोनियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम मुख्यालय जाकर अपर नगर आयुक्त ललित कुमार को पत्रक सौंप कर वहां श्मशान घाट न बनवाए जाने का अनुरोध किया। अपर नगर आयुक्त का कहना है कि लोगों का विरोध है। इस मामले को वह दिखवाते हैं कि आगे क्या किया जा सकता है।
कॉलोनी में आते-जाते दिखेगा श्मशान घाट
शहीद भगत सिंह वार्ड में देवा रोड की तरफ से आने पर मुख्य मार्ग पर ही नौबस्ता से पहले वुड अपार्टमेंट के पास से दाहिनी ओर रास्ता गया है। उसी पर आगे जाकर श्मशान घाट का निर्माण प्रस्तावित है। इसी मार्ग से अमृत कुंज, गुडविल सोसायटी और संगम सिटी कॉलोनियों का रास्ता है। ऐसे में श्मशाम घाट बनने पर इन कॉलोनियों के लोगों को परेशानी तो होगी ही, अपार्टमेंट के फ्लैट में रहने वालों के लिए भी मुश्किल हो जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।