वकीलों की हड़ताल के चलते बंद रहा निबंधन कार्यालय, नहीं हुई रजिस्ट्री
Lucknow News - वकीलों की हड़ताल के कारण मंगलवार को निबंधन कार्यालय बंद रहा। वकीलों ने अधिकारियों को कार्यालय खोलने से रोका, जिसके चलते रजिस्टी के लिए आए लोग निराश होकर लौट गए। कई लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन...

वकीलों की हड़ताल के चलते निबंधन कार्यालय में मंगलवार को ताला पड़ा रहा। वकीलों ने सुबह ही निबंधन कार्यालय बंद करा दिया था। अधिकारियों ने खुलवाने का प्रयास किया तो वकीलों ने धमकाया। जिसके बाद कार्यालय नहीं खोला गया। इसकी वजह से रजिस्टी के लिए आने वाले लोगों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। कई लोग दूसरे शहरों से सम्पत्तियों की रजिस्ट्री के लिए आए थे। आन लाइन आवेदन किया था। उन्हें आज का समय भी मिला था। लेकिन उनकी रजिस्ट्री भी नहीं हो पाई। वकीलों ने मंगलवार को हड़ताल कर दिया था। इसका असर निबंधन कार्यालय व ट्रेजरी में भी दिखाई दिया। ट्रेजरी में भी सन्नाटा पसरा हुआ था। सबसे खराब स्थिति निबंधन कार्यालय की रही। यहां सुबह अधिकारियों ने कार्यालय खुलवाया था। लेकिन बाद में वकील आ गए। उन्होंने कार्यालय बंद करा दिया। अधिकारियों को बाहर निकाल दिया। ताला लगवाया। इसकी वजह से निबंधन कार्यालय में काम काज पूरी तरह से ठप रहा। वकीलों ने अधिकारियों व कर्मचारियों को चेतावनी दी थी कि अगर दोबारा कार्यालय खोला तो वह हंगामा करेंगे। जिसके चलते अधिकारियों ने दोबारा कार्यालय खोलने की हिम्मत नहीं की। यह अलग बात है कि कुछ अधिकारी बाहर से ताला लगवाकर अन्दर बैठकर आफिस का काम करते रहे। कार्यालय बंद होने से सैकड़ों लोगों की रजिस्ट्री नहीं हो पाई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।