काउन्सिलिंग के बाद 24 किशोरियां घर लौटीं
Lucknow News - श्रीराम अनाथालय से भागी थी नौ बच्चियां अनाथालय की 24 और बच्चियों को उनके घर

श्रीराम अनाथालय अलीगंज से भागी व उनके साथ रह रहीं बच्चियां अब अपने घरों को जाने लगी हैं। काफी समझाने बुझाने और काउन्सिलिंग के बाद इसके लिए तैयार हुई हैं। पिछले कुछ दिनों में 24 किशोरियां जा चुकी हैं। इनकी फीडबैक अच्छी मिल रही है। रांची की एक और किशोरी भी जाने को तैयार हो गई है। अलीगंज के श्रीराम अनाथालय व किशोरी संरक्षण गृह से अक्तूबर 2024 में नौ किशोरियां ग्रिल काटकर भाग निकली थीं। बाद में पुलिस ने इन्हें अलग अलग स्थानों से पकड़ा था। लापरवाही की वजह से अनाथालय से किशोरियां भागी थी। जिसके चलते इस अनाथालय को बंद कर दिया गया था। यहां की सभी बच्चियों को पारा के सरकारी किशोरी संरक्षण गृह में शिफ्ट कर दिया गया था। तब से यह बच्चियां यहीं रह रही थीं। इन बच्चियों को उनके घरों को वापस भेजने की कवायद लम्बे समय से चल रही थी। लेकिन बच्चियां जाने को तैयार नहीं थीं। वह डरती थी वापस जाने पर घर में उन्हें प्रताड़ित किया जाएगा। जिला प्रोवेशन अधिकारी विकास सिंह कहते हैं कि बच्चियों व उनके परिवारों की काउन्सिलिंग करायी गई। इसके बाद 24 बच्चियों को उनके घरों भेज दिया गया है। वह बताते हैं कि कई बच्चियों का जीवन पटरी पर लौट आया है। विशेषज्ञों की काउन्सिलिंग का उन पर बहुत अच्छा असर हुआ है।
राची की बेटी को पुलिस के आने का इंतजार
अभी रांची की एक बेटी किशोरी संरक्षण गृह में है। वह भी अपने घर जाने को तैयार है। संरक्षण गृह में भी वह अब बहुत शांति पूर्वक रह रही है। पहले अन्य किशोरियों की तरह इसने भी काफी हंगामा किया था। अलीगंज से हटाए जाने के बाद यहां कोई भी किशोरी रहने को तैयार नहीं थी। बच्ची को ले जाने के लिए रांची पुलिस को सूचना दे दी गयी है। पुलिस के आने के बाद इस बच्ची को भी उसके घर रवाना कर दिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।