प्लाट का झांसा देकर 71 लाख ठगे
Lucknow News - - मल्हौर की एक जमीन को एलडीए की बताकर बेचा - गोमतीनगर थाने में चार

लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। जालसाजों ने प्लाट दिलाने के नाम पर लखीमपुर खीरी में रहने वाले शुगर मिल के अफसर सुशील कुमार से 71 लाख रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने मल्हौर स्थित एक प्लाट को एलडीए का बताकर बेच डाला। जांच में पता चला कि वह प्लाट किसी और का है। पीड़ित अफसर ने गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर गोमतीनगर राजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक सुशील कुमार खीरी में रहते हैं। वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात हुसेड़िया पर प्रापर्टी डीलर सुशील मिश्रा और सूर्य प्रताप सिंह से हुई। दोनों ने मल्हौर में एक प्लाट दिलाने की कहा था।
बताया कि प्लाट व्यवसायी प्रदीप कुमार जायसवाल का है। प्लाट का सौदा तय हुआ। अफसर ने बैंक से 54 लाख रुपये का लोन करा कर रुपए दिए। इसके बाद 11 लाख रुपये कैश, छह लाख आनलाइन ट्रांसफर किए। म्यूटेशन चार्ज के रुप में 45 हजार और ब्रोकर चार्ज के लिए डेढ़ लाख रुपये दिए। इसके बाद दोनों ने मिलकर प्लाट की रजिस्ट्री करा दी। इस बीच अफसर को फर्जीवाड़े का पता चला कि प्लाट एलडीए का नहीं किसी और का है। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रापर्टी डीलर और व्यवसायी प्रदीप जायसवाल ने प्लाट की रजिस्ट्री की। इसके बाद आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित अफसर ने जालसाजों के खिलाफ साक्ष्य मुहैया कराए है। उन्हीं के आधार पर जांचकर आरोपितों की तलाश की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।