Hindi NewsUttar-pradesh NewsLucknow NewsDramatic Incident in Raebareli Lineman Claims to be Possessed by Spirits

परिवार को बंधक बनाकर किया हवन, शरीर पर राख मली और चापड़-बांका लेकर दौड़ा

Lucknow News - रायबरेली रोड के रजनीखंड में एक लाइनमैन राम सागर ने अपनी पत्नी और बच्चों को बंधक बना लिया और हवन करने लगा। पुलिस और दमकल की टीम को तीन घंटे की मेहनत के बाद उसे पकड़ना पड़ा। उसने कहा कि उसके ऊपर कई...

Newswrap हिन्दुस्तान, लखनऊWed, 26 Feb 2025 11:27 PM
share Share
Follow Us on
परिवार को बंधक बनाकर किया हवन, शरीर पर राख मली और चापड़-बांका लेकर दौड़ा

रायबरेली रोड स्थित रजनीखंड में लाइनमैन ने छत पर जाकर खुद को भी कमरे में बंद किया खिड़की से लोगों को बकने लगा गालियां

बोला-मुझ पर सवार हैं कई आत्माएं

पुलिस के पहुंचने पर कर दी ईंटों की बौछार

- 03 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और दमकल ने आरोपित को पकड़ा

लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता।

रायबरेली रोड रजनीखंड में रहने वाले सचिवालय के लाइनमैन राम सागर ने बुधवार को करीब तीन घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा किया। उसने अपनी पत्नी, बेटी और बेटे को घर में बंधक बनाकर करीब एक घंटे तक हवन किया। पूरे घर में धुआं भर गया। इसके बाद खुद के शरीर पर राख मली और चापड़, बांका लेकर छत पर पहुंचा। वहां खुद को कमरे में बंद कर खिड़की खोलकर गालीगलौज करने लगा। सूचना पर एसीपी कैंट अभय प्रताप मल्ल समेत कई थानों का पुलिस बल पहुंचा। तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और दमकल टीम ने आरोपित को बरगला कर कमरे से निकाला और गिरफ्तार कर लिया।

राम सागर यादव ने शाम को पत्नी रामकली यादव, बेटी डिंपल यादव और बेटे छोटू यादव को घर के अंदर कमरे में बंद कर खिड़कियां खोल दीं। सभी के मोबाइल भी छीन लिए। इसके बाद बरामदे में आम की लकड़ियां रखकर आग लगा लगा दी और हवन करने लगा। कमरे और घर के अंदर धुआं भर गया। इसके कारण पत्नी, बेटी और बेटा खांस-खांस कर बेहाल होने लगे। तीनों की हालत बिगड़ने लगी। इसी बीच राम सागर ने अपने पूरे शरीर पर राख मली। फिर चापड़ और बांका लेकर दोनों को आपस में रगड़ता हुआ तीसरे माले की छत पर पहुंचा। खुद को भी कमरे में बंद कर लिया। वहां से चीख पुकार कर लोगों को गाली देने लगा। घर में राम सागर को उपद्रव करते देख लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह, एसीपी कैंट समेत कई थानों का पुलिस बल पहुंचा। पुलिस को देखकर राम सागर और भड़क गया। वह ईंट फेंक कर मारने लगा। पुलिस ने खुद को बचाया। इसके बाद एसीपी ने उसे समझा बुझाकर शांत कराया। दमकल टीम बुलाई गई। पुलिस और दमकल कर्मियों ने राम सागर को बरगला कर कमरे से किसी तरह निकाला। इसके बाद पीछे के रास्ते छत पर पहुंचकर दबोच लिया। पुलिस कर्मी घर के अंदर पहुंची पत्नी और बच्चों को बंधन मुक्त कराया। एसीपी ने बताया कि शांति भंग में आरोपित राम सागर का चालान किया गया है।

छत पर कोई आत्मा आ गई...

एसीपी अभय प्रताप मल्ल और इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने खिड़की से ईंट फेंक रहे राम सागर को बरगला कर कहा कि कोई आत्मा छत पर आ गई है। राम सागर दरवाजा खोलकर निकला और छत पर पहुंच गया। इस बीच योजना के तहत एक टीम एसीपी ने पीछे के रास्ते भेज रखी थी। इस टीम ने राम सागर को धर दबोचा। पकड़कर पुलिस टीम आरोपित को आशियाना थाने लेकर पहुंची।

खून की प्यासी हैं आत्माएं...

राम सागर बांका और चापड़ आपस में रगड़कर लोगों को डरा रहा था। वह कह रहा था कि उस पर कई आत्माएं सवार हैं। आत्माएं उससे खून मांग रही हैं। उसे खून चाहिए। वह किसी को मार कर खून आत्माओं को देगा।

तुझ पर आता है साया, भाग जा मेरे घर से :

राम सागर के बवाल की सूचना पर उसका दामाद भी आ गया। दामाद ने समझाने की कोशिश की तो उससे बोला तू चुप रह। तुझ पर इमरान की आत्मा आती है। मोहल्ले में रहने वाला इमरान कई साल पहले मर गया था। उसकी आत्मा तुझ पर आती है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें