वोटर लिस्ट में गड़बड़ी रोकने के लिए कांग्रेस उतरेगी मैदान में
Lucknow News - कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हाल ही में एक बैठक में यूपी में चुनावों के दौरान वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को रोकने के लिए रणनीति बनाने के निर्देश दिए हैं। कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा...

- बीते दिनों प्रभारियों के साथ बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिए थे आदेश, यूपी में बन रही योजना लखनऊ, विशेष संवाददाता
चुनावों के दौरान वोटर लिस्ट में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो, इसलिए प्रदेश कांग्रेस खास रणनीति तैयार कर रही है। कार्यकर्ताओं और नेताओं को संभावित गड़बड़ियों को रोकने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। बीते दिनों कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदेश प्रभारियों के साथ हुई बैठक में इस पहलू का जिक्र किया था और सभी को निर्देश दिए थे कि वे इस दिशा में काम करें।
पिछले कुछ चुनावों से कांग्रेस वोटर लिस्ट में हेरफेर का मुद्दा उठाती रही है। हालांकि इसे रोकने के लिए कभी भी समग्रता में कोई अभियान नहीं चलाया गया लेकिन अब जिस तरह से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं, उससे साफ है कि अब कांग्रेस इस दिशा में गंभीर है। कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस में इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने रणनीति के तहत वोटर लिस्ट को चेक करने के सभी नियमों और अंतिम समय में होने वाले बदलावों को रोकने के सभी संभव उपायों के बारे में विशेषज्ञों से बात करना शुरू कर दिया है। उनकी तरफ से जो भी बातें सामने आती हैं, उसके हिसाब से पूरा खाका तैयार किया जाएगा। उसी के अनुरूप जिलों और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा कि कैसे वे पूरी सतर्कता से संभावित गड़बड़ियों को रोक सकते हैं।
नई कमेटी आने के बाद शुरू होंगे प्रशिक्षण सत्र
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि नई कमेटी के गठन की प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही नई कमेटी आ जाती है, उसके साथ मिलकर प्रशिक्षण सत्र शुरू किए जाएंगे। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बताया जाएगा कि उन्हें कैसे अपने क्षेत्र की वोटर लिस्ट चेक करनी है। अगर कहीं गड़बड़ी पाई जाती है तो कैसे उसे दूर करवाना है। वोटर लिस्ट के अंतिम प्रकाशन के ठीक पहले अगर नाम कटते हैं तो उनके पास क्या विकल्प होंगे। जिलों और ब्लॉक के बाद बूथ लेवल वर्करों को भी इस संबंध में प्रशिक्षित किया जाएगा।
क्या कहा था खरगे ने?
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि हमारे सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है। आप जानते हैं कि इन दिनों चुनाव में वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर हेरफेर हो रहा है। इसके बारे में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सवाल उठाया था। आप सभी को महसूस होगा कि आज कल हमारे समर्थकों के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए जाते हैं या नाम हटाकर बगल के बूथ से जोड़ दिया जाता है। भाजपा की तरफ से नए नाम चुनावों के ठीक पहले जोड़े जाते हैं। हमें इस धांधली को हर हाल में रोकना होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।