सिविल अस्पताल के दवा काउंटर के पंखे में चिंगारी से धुआं
Lucknow News - - सिविल में आग लगने की सूचना पर भागे मरीज व तीमारदार, अफरातफरी का माहौल

सिविल अस्पताल के दवा काउंटर के पंखे में चिंगारी निकलने से तार जल गया और वहां धुआं भर गया। आग लगने की सूचना और धुआं देख मरीज और तीमारदार भागने लगे। अफरातफरी का माहौल हो गया। कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति तुरंत बंद करवाई। तब तक धुआं भर गया, लेकिन परिसर में लगे अलार्म नहीं बजे और न ही स्प्रिंकलर चले। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। चंद मिनट में ही स्थिति पर काबू पा लिया गया। कुछ दिन पहले भी सिविल के पैथालॉजी विभाग में आग लगी थी। सरकारी अस्पतालों में आग लगने की घटनाएं थम नहीं रही हैं।
सिविल में मंगलवार दोपहर में ओपीडी के संचालन के समय अस्पताल में काफी भीड़ थी। लोग दवा काउंटर पर लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान दवा के काउंटर में अंदर की ओर चल रहे पंखे में चिंगारी के साथ तार में आग लग गई। तेजी से धुआं उठने लगा। काउंटर से बाहर धुआं निकलने लगा। काउंटर पर प्रशिक्षु फार्मासिस्ट बाहर भागने लगे। उधर बाहर की ओर लाइन लगे तीमारदार और मरीज भी पीछे हट गए। अफरातफरी का माहौल हो गया। इसी बीच एक कर्मचारी ने तुरंत ही सभी स्विच ऑफ किए। अफसरों को सूचना देते हुए तुरंत ही बिजली आपूर्ति बंद करवाई। फिर कर्मचारियों ने ही फायर एक्सटिंग्यूशर से चंद मिनट में आग बुझा ली। कर्मचारियों ने दवा के लिए आए लोगों को वहां से हटाया और खिड़की बंद करके अंदर के हिस्से को साफ किया। राहत की बात यह रही कि आग फैल नहीं सकी। सिविल के सीएमएस डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि पंखे में शॉर्ट सर्किट हुआ था। तार जला और धुआं निकला था। कर्मचारियों की सूझबूझ से तुरंत ही स्थिति को काबू कर लिया गया। पहले भी लग चुकी आग सिविल अस्पताल की पैथालॉजी में जनवरी 2024 में आग लग गई थी। पैथालॉजी में कॉमर्शियल सिलेंडर से काम करते समय सिलेंडर में लीकेज होने से आग फैल गई थी। कई मशीनें जल गई थीं। एसी, फॉल सीलिंग और टेबल आदि में आग लग गई। धुआं भर गया था। सीएमएस डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने दमकल पहुंचने से पहले ही फायर एक्सटिंग्यूशर से आग पर काबू पाया था। वहीं, लोकबंधु में 14 अप्रैल की रात को भीषण आग लगी थी। यहां मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।