उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण, सुख समृद्धि की कामना की
Lucknow News - - लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट पर विधि विधान से किया पूजन -

- लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट पर विधि विधान से किया पूजन - पूजन के बाद भोजपुरी समाज के लोगों ने किया श्रमदान
लखनऊ, संवाददाता।
चार दिवसीय चैती छठ महापर्व के अंतिम दिन व्रती महिलाओं, पुरुषों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर विधि विधान से पूजन किया। पति, पुत्र की लंबी आयु मांग हर वर्ग के सुख समृद्धि की कामना की। घाट पर कलाकारों ने छठ मैया व दूसरे भोजपुरी गीतों की प्रस्तुतियां भी दीं। साथ ही भोजपुरी समाज के लोगों ने पूजन के बाद छठ घाट पर श्रमदान किया।
अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के नेतृत्व में छठ घाट लक्ष्मण मेला मैदान पर भव्य, दिव्य छठ महापर्व मनाया गया। व्रती लोग सभी पूजन सामग्री को 6, 12 तथा 24 की संख्या में जैसे केला, अमरूद, अनानास, गन्ना, सुथनी, शकरकंद, बेर, गागल निंबुआ, संतरा, अनार, मूली, गाजर, अंगूर, सेव, साठी-धान के चावल से बना ठेकुआ, मीठी पूड़ी आदि सभी सामग्री को डाला में रखकर पूजा किया। शुक्रवार सुबह भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर समाज के हर वर्ग के उन्नत, सुख, समृद्धि व स्वस्थ समाज के लिए छठ माई एवं भगवान सूर्य से मन्नत मांगी। व्रती महिलाओं ने एक दूसरे को लंबा सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्यवती होने की शुभकामनाएं दीं। प्रसाद ग्रहण कर छठ महापर्व का समापन किया।
सदैव निरोगी रहने की कामना की
प्रभुनाथ राय ने बताया कि छठ महापर्व को मनाने की मुख्य वजह भगवान सूर्य अपार ऊर्जा के स्रोत है। साक्षात देव के रूप में इनकी पूजा होती है, जो लोग इनकी पूजा करते है। यह मान्यता है कि वह स्वस्थ, दीर्घायु, ऊर्जावान एवं सदैव निरोगी रहते हैं। महिलाएं अपने पति एवं पुत्र के लिए व्रत रहती हैं। बहुत सी महिलाएं पुत्र आदि न होने पर भी इस व्रत को करती है।
घाट पर श्रमदान किया
छठ घाट पर अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामयतन यादव, राष्ट्रीय सचिव वेदप्रकाश, राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र सोनकर व मनोज सिंह, मनीष पोद्दार, संजय सिंह, रामबिलास यादव, सुनील सिंह, हनुमान यादव, लोकगायक अवधेश, अंगदराम ओझा आदि सभी लोगों ने पूजन में अहम भूमिका निभायी। साथ ही छठ पूजन के बाद घाट पर नगर निगम कर्मचारियों और समाज के लोगों ने सफाई कर श्रमदान किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।