विधि विश्वविद्यालय के छात्र आयुष को मिला राष्ट्रीय युवा पुरस्कार
Lucknow News - लखनऊ, कार्यालय संवाददाता डॉ. राममनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विवि के छात्र आयुष त्रिवेदी को

लखनऊ, कार्यालय संवाददाता डॉ. राममनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विवि के छात्र आयुष त्रिवेदी को उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। गुरुवार को दिल्ली में नवीन संसद भवन में आयोजित समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने देश के सर्वोच्च युवा पुरस्कार से सम्मानित किया।
विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. शशांक शेखर ने बताया कि मूल रूप से कानपुर देहात के निवासी आयुष त्रिवेदी राष्ट्रीय विधि विश्विद्यालय से एलएलएम की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। आयुष को सामुदायिक सेवा, वृक्षारोपण, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, मतदाता जागरूकता, युवा विकास आदि क्षेत्रों में असाधारण योगदान के लिए राष्ट्रीय युवा पुरस्कार 2021-22 से सम्मानित किया गया है। इस पुरस्कार से आयुष के साथ अलग अलग क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले देश भर के दस युवाओं को सम्मानित किया गया है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पुरस्कार के रूप में प्रमाण पत्र, रजत पदक और एक लाख की धनराशि प्रदान की है। इससे पूर्व पिछले वर्ष आयुष को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के विवेकानंद राज्य युवा पुरस्कार से भी पुरस्कृत किया जा चुका है। पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति प्रस्तावित थी परंतु थाईलैंड की विदेश यात्रा पर निकलने के कारण वे सम्मिलित नहीं हो सके।
इन कार्यों के लिए मिला पुरस्कार
यह पुरस्कार 2020 से 2022 तक तीन वर्षों तक किए गए कार्यों के लिए प्रदान किया गया है। आयुष ने कोरोना की पहली लहर में युवाओं के साथ मिलकर कोरोना से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया और अभावग्रस्त व दिहाड़ी मजदूरों को भोजन व राशन सामग्री उपलब्ध कराई। दूसरी आत्मघाती लहर के दौरान एक वेबसाइट बनाकर लोगों को अस्पतालों में खाली बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, ब्लड, प्लाज्मा आदि महत्वपूर्ण संसाधनों की जानकारी सुलभता से उपलब्ध कराई थी। वहीं वीरांगना अभियान के तहत दो हजार छात्राओं को निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिला चुके हैं और वृक्ष प्रहरी अभियान के माध्यम से पौधरोपण को लेकर जनजागरण पर काफी काम किया है। इसके साथ ही महत्वपूर्ण अवसरों पर संगोष्ठियों, रक्तदान शिविरों और व्याख्यानों का आयोजन भी करते हैं।
पुरस्कार राशि दान करेंगे
आयुष ने कहा कि पुरस्कार में प्राप्त धनराशि को वे प्राथमिक विद्यालयों के छात्रों की खेल सामग्री और पुस्तकों के लिए दान देंगे। इससे गरीब छात्रों को लाभ मिलेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।