Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़लखनऊSP chief Akhilesh Yadav workers should forget old things and unite for 2027 focus will also have to be on by elections

पुरानी बातों को भूलकर 2027 के लिए जुटें कार्यकर्ता, उपचुनाव पर भी करना होगा फोकस : अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से कहा है कि वह पुरानी बातों को भुलाकर 2027 के लिए जुट जाएं और हर बूथ पर वोट बढ़ाने के लिए नए सदस्य बनाएं।

Dinesh Rathour हिन्दुस्तान, लखनऊ। विशेष संवाददाताTue, 13 Aug 2024 05:35 PM
share Share

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से कहा है कि वह पुरानी बातों को भुलाकर 2027 के लिए जुट जाएं और हर बूथ पर वोट बढ़ाने के लिए नए सदस्य बनाएं। अखिलेश यादव ने ये बातें मंगलवार को मेरठ से आए पदाधिकारियों संग बैठक में कहीं। इस बैठक में लोकसभा चुनाव में मेरठ में सपा की हार के कारणों की समीक्षा हुई। इसके बाद शीर्ष नेतृत्व ने कुछ पर कार्रवाई के भी संकेत दिए। हार के कारणों की पड़ताल में मेरठ के प्रमुख नेताओं द्वारा अपनी-अपनी बात कही गई। जिससे माहौल थोड़ा गर्म सा हो गया।

मेरठ लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी सुनीता वर्मा के पति योगेश वर्मा, जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी के बीच भी आरोप प्रत्यारोप लगे। योगेश वर्मा का कहना था कि चुनाव में पार्टी के ही तमाम लोगों ने सहयोग नहीं किया। पार्टी फंड के गलत इस्तेमाल का भी आरोप लगा। पार्टी विधायक अतुल प्रधान, रफीक अंसारी समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखते हुए हार के अलग-अलग कारणों पर चर्चा की। किसी ने कहा कि प्रत्याशी बदलने के कारण प्रचार के लिए समय कम मिला।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अब पुरानी बातों को छोड़ कर आगे बढ़ा जाए और मीरापुर सीट पर उपचुनाव को भी हर हाल में जीतना है। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर वोट बढ़ाना है। सदस्यता अभियान तेज करना है। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय की जरूरत है, सभी को मिल कर 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी करनी है। इसके लिए अभी से जुट जाएं। बैठक के बाद विधायक अतुल प्रधान ने बताया कि सबने चुनाव नतीजों की समीक्षा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष का इस बात पर जोर था कि हर हाल में 2027 में सपा की सरकार बनानी है। बैठक में मौजूद सपा प्रवक्ता व राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने बताया कि मेरठ लोकसभा चुनाव के नतीजों की समीक्षा की गई और आगे एकजुट होकर मिशन 2027 में लगने की बात कही गई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें