Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Love story happened over phone, after marriage the bride turned out to be 32 years older

अजब प्रेम की गजब कहानी: फोन पर चली लव स्टोरी, निकाह के बाद दुल्हन 32 साल बड़ी निकली

सीतापुर में अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। इसमें फोन वाले लव में उलझकर 25 साल के युवक का 57 साल की महिला से निकाह हो गया। जानकारी होने के दोनों में विवाद हो गया।

Deep Pandey लाइव हिन्दुस्तानFri, 9 May 2025 05:54 AM
share Share
Follow Us on
अजब प्रेम की गजब कहानी: फोन पर चली लव स्टोरी, निकाह के बाद दुल्हन 32 साल बड़ी निकली

सोशल मीडिया और इंटरनेट के जमाने में तरह-तरह के फर्जीवाड़े के मामले सामने आ रहे हैं। कोई डिजिटल अरेस्ट करके पूर अकाउंट खाली कर रहा है तो कहीं फेक अकाउंट बनाकर लोगों को धोखा दिया जा रहा है। इसी बीच सीतापुर में अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। इसमें फोन वाले लव में उलझकर 25 साल के युवक का 57 साल की महिला से 'निकाह हो गया। जब उसे यह पता चला कि दुल्हन 32 साल बड़ी तो काफी विवाद हुआ। इसके बाद दोनों अलग हो गए और युवक वापस अपने घर लौट गया।

हरदोई निवासी 25 साल के युवक ने सीतापुर में लहरपुर कस्बे की एक महिला से दो साल तक फोन पर बातचीत की और सोशल मीडिया से वीडियो कॉलिंग भी की। उनका प्यार परवान चढ़ता रहा लेकिन महिला इन दो सालों में कभी भी उससे मिलने नहीं आई। साथ ही अपनी उम्र को भी छिपाए रखा। 14 फरवरी 2025 को युवक अपनी प्रेमिका से शादी करने के लिए लहरपुर स्थित उसके बताये स्थान पर भी आ गया। वहां बिना लड़की दिखाए ही कुछ लोगों ने फोन पर ही दोनों का निकाह भी करा दिया गया। निकाह के बाद जब युवक ने अपनी दुल्हन को देखा तो उसके होश उड़ गए। वह 57 साल की महिला थी जो उससे 32 साल बड़ी है। विवाद के बाद युवक अपने घर हरदोई लौट गया।

हरदोई के संडीला के रहने वाले 25 वर्षीय युवक दिलशाद की लहरपुर निवासी एक महिला से दो साल पहले फोन पर बातचीत शुरू हो गई। इन दो सालों में दोनों के बीच कई बार वीडियो कालिंग भी हुई। बातचीत के दौरान दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें खाईं और शादी के लिए राजी हो गए। युवक का कहना है कि दो सालों की बातचीत के दौरान उसने कई बार मिलने की कोशिश की, लेकिन महिला हमेशा कोई न कोई बहाना बनाकर टालती रही। इस दौरान दोनों की फोटो की अदला बदली भी हुई। आरोप है कि महिला ने फिल्टर का उपयोग करके फोटो और वीडियो कालिंग में अपनी उम्र को छिपाया।

14 फरवरी 2025 को लहरपुर में शादी होने की बात तय हुई तो युवक अकेले ही बताए गए स्थान पर पहुंच गया। उसने वहां मौजूद लोगों से लड़की दिखाने की बात कही तो उन्होंने कहा कि निकाह के बाद लड़की को दिखाया और विदा किया जाएगा। लड़के का आरोप है कि उसको दबाव में लेकर फोन पर ही निकाह करा दिया गया और काजी ने निकाहनामा भी दे दिया। इसके बाद जब लड़की सामने आई और उसकी उम्र देखी तो उसके होश उड़ गए। काफी वाद विवाद के बाद लड़का अपने घर लौट गया।

अप्रैल में शुरू हुए आरोप-प्रत्यारोप

फरवरी में निकाह के बाद कई दिनों तक विदाई को लेकर विवाद चला। अप्रैल में आरोप-प्रत्यारोपों का सिलसिला शुरू हुआ। 22 अप्रैल को महिला की ओर से एसपी आफिस में दिए गए प्रार्थना पत्र में दो लाख रुपए और बाइक मांगने का आरोप लगाया गया। 30 अप्रैल को युवक की ओर से एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि उसको बिना लड़की दिखाए फोन पर शादी कराई गई। उसने महिला समेत चार अन्य लोगों पर गिरोह बनाकर शादी कराने और वसूली करने की शिकायत की। उसने यह भी आरोप लगाया कि उससे पांच लाख रुपए की मांग की गई और जबरन तलाक भी दिलवाया गया।

अलग रहने पर हुए राजी

मामला शीर्ष अधिकारियों के संज्ञान में आया तो मई के पहले सप्ताह में दोनों पक्षों को महिला थाने बुलाया गया। जहां पर दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप लगाए। अंत में हुए समझौते में दोनों सहमति से अलग-अलग रहने को राजी हो गए हैं।

प्रभारी निरीक्षक इतुल चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों ने अधिकारियों से शिकायत की थी। दोनों को बुलाकर बात कराई गई है। लड़के की अपेक्षा महिला की उम्र्र काफी ज्यादा थी। दोनों सहमति से अलग रहने को राजी हो गए हैं।

अगला लेखऐप पर पढ़ें