आधी रात हुआ पोस्टमार्टम, सुबह एक साथ जलीं चिताएं तो रो पड़ा पडरौना
Kushinagar News - पडरौना, निज संवाददाता। पडरौना के इंदिरा नगर के सातों बहिनिया मंदिर परिसर स्थित पुरानी नीम का पेड़ गिरने से शनिवार की देर शाम पूर्व सभासद समेत दो

पडरौना, निज संवाददाता।
पडरौना के इंदिरा नगर के सातों बहिनिया मंदिर परिसर स्थित पुरानी नीम का पेड़ गिरने से शनिवार की देर शाम पूर्व सभासद समेत दो लोगों की मौत होने के साथ पांच लोग घायल हो गये। प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की तत्परता से आधी रात को दोनों शवों का पोस्टमार्टम हुआ। रविवार को खिरकिया स्थित झरही नदी के तट पर दोनों शवों का साथ अंतिम संस्कार हुआ तो पूरा मोहल्ला रो पड़ा।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जटहां रोड स्थित इंदिरा नगर में माता सातों बहिनिया मंदिर परिसर में एक 90 वर्ष पुराना नीम का पेड़ स्थित था। उनके नीचे चबुतरा बना है। उसके नीचे पुजारी समेत मोहल्ले के लोग बैठ कर सत्संग आदि वार्ता करते हैं। देर शाम 7.45 बजे पुरानी नीम का पेड़ जड़ से टूट कर उखड़ गया। उसके नीचे दबने से सभी सात लोग घायल हो गये। उन्हें गंभीर चोटे आयीं। मौके पर जुटे स्थानीय लोग व पुलिस ने रेस्क्यू कर पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पूर्व सभासद कृष्णा पटेल पुत्र पूर्णमासी पटेल उम्र 55 वर्ष निवासी इंदिरा नगर, छोटेलाल श्रीवास्तव पुत्र शिव कुमार श्रीवास्तव उम्र 35 वर्ष निवासी जटहां रोड इंदिरा नगर मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में पुजारी ओमप्रकाश दुबे उम्र 55 वर्ष निवासी दुदही, संजय चौरसिया पुत्र अमावस चौरसिया उम्र 50 वर्ष, कन्हैया गोंड पुत्र स्वामीनाथ गोंड उम्र 48 वर्ष, संजय कुशवाहा पुत्र रघुवर कुशवाहा उम्र 49 वर्ष व विश्वनाथ खरवार पुत्र महंत खरवार उम्र 54 साल निवासीगण इंदिरा नगर घायल हो गये। आधी रात डीएम के आदेश पर डॉक्टरों की टीम ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया। रात 1 बजे दोनों शव घर पहुंचा। सुबह नौ बजे खिरकिया के झरही नदी के तट पर दोनों शवों का अंतिम संस्कार हुआ। एक साथ दो चिताएं जलता देख सबकी आंखें नम हो गई।
-----
विधायक व चेयरमैन ने दिया कंधा
पडरौना। इंदिरा नगर में हुई हृदयाविरादक घटना से सभी लोग मर्माहत हैं। पूरी रात विधायक समेत जनप्रतिनिधि अस्पताल से लगायत मोहल्ले में जमे रहे। दोनों शवों का सुबह सदर विधायक मनीष जायसवाल व नपा अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कंधा देकर पैदल खिरकिया स्थान पहुंचे। इनके अलावा ब्लॉक प्रमुख विशुनपुरा विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विक्रमा यादव, सदाशिव मणि त्रिपाठी, मनीष जायसवाल बुलबुल, सभासद सौरभ, हिमांशु, सत्यजीत द्विवेदी समेत तमाम लोगों ने पीड़ित परिवारों का ढांढस बंधाया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।