पानी के दबाव में फिर बह गया नारायणी में लगा पीपा पुल
Kushinagar News - कुशीनगर के खड्डा क्षेत्र में नारायणी नदी पर एक वर्ष के बाद स्थापित पीपापुल फिर से बह गया। इससे क्षेत्र के लगभग 25 हजार लोगों को खड्डा तहसील मुख्यालय जाने में कठिनाई होगी। विधायक विवेकानन्द पाण्डेय की...
कुशीनगर। निज संवाददाता खड्डा क्षेत्र के ग्राम भैंसहा घाट स्थित नारायणी नदी पर लगभग एक वर्ष के बाद लगा पीपापुल पानी के दबाव में फिर से बह गया। रेता क्षेत्र के गांवों में रहने वाले लोगों को खड्डा तहसील मुख्यालय आने जाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पडेगा। खड्डा रेता क्षेत्र के मरिचहवा, शिवपुर, नारायनपुर, हरिहरपुर तथा महराजगंज जिले के सोहगीबरवा, शिकारपुर,भोथहा सहित आदि गांवों में लगभग 25 हजार लोग निवास करते हैं। खड्डा तहसील मुख्यालय आने जाने के लिए कोई सुगम रास्ता नहीं होने के चलते भैंसहा स्थित नारायणी नदी पर पीपापुल लगाया गया है। जिससे रेतावाती महज 10 किमी दूरी तय कर खड्डा आने जाने लगे।
पिछले साल मानसून आने के बाद पीपा पुल हटा लिया गया था। बीते 30 नवम्बर के बाद पीपापुल लगना था। लेकिन दिसम्बर माह बीत जाने के बाद भी पीपापुल नहीं लगा। जिसके चलते रेता क्षेत्र के लोग जान जोखिम में डालकर नाव से नदी पार करने के लिए मजबूर थे। रेता क्षेत्र के लोगों ने इसकी शिकायत विधायक विवेकानन्द पाण्डेय से की। उन्होंने रेता वासियों की परेशानियों को देखते हुए पीपापुल लगाने की पहल की। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर भैंसहा घाट पर पीपापुल लगा दिया गया। लेकिन पीपापुल के महज 10 घंटे बाद ही आंधी पानी के दबाव से बह गया। विधायक के कहने पर फिर से पुल को मरम्मत के बाद लगाया गया था। मंगलवार की शाम को नदी का डिस्चार्ज बढ़ने से पीपापुल लगभग एक किमी दूर तक बह गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।