यूपी बिहार की सीमा पर मिला युवती का शव, हत्या का शक
Kushinagar News - दुदही, हिन्दुस्तान संवाद। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती बिहार तथा उत्तर प्रदेश के सीमा स्थित घघवा पुल के नीचे गुरुवार को एक युवती का शव पाया

दुदही, हिन्दुस्तान संवाद।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती बिहार तथा उत्तर प्रदेश के सीमा स्थित घघवा पुल के नीचे गुरुवार को एक युवती का शव पाया गया। पुलिस के अनुसार उसकी उम्र 18 साल के आसपास थी। शव नदी के किनारे पड़ा था। पुल के दोनों तरफ दो प्रांत की सीमा होने के कारण दोनों तरफ की पुलिस सीमा को लेकर कुछ देर तक असमंजस की स्थिति में रही। प्रयास के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो पाया। बाद में विशुनपुरा थाने के प्रभारी निरीक्षक ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुरुवार को सुबह बांसी नदी पर बने घघवा पुल के नीचे अज्ञात युवती का शव ग्रामीणों ने देखा। जानकारी होने पर पुल के निकट के ग्रामीणों तथा दुकानदारों ने नदी के उस पार बिहार प्रांत की भितहा थाने की पुलिस तथा इस पार उत्तरप्रदेश के विशुनपुरा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दोनों तरफ की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। भौगोलिक स्थिति की जटिलता के कारण दोनों तरफ की पुलिस काफी देर तक सीमा को लेकर आपस में बातचीत करती रही। दोनों तरफ की पुलिस ने शव के शिनाख्त के लिए भी प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। कुछ देर बाद विशुनपुरा थाने के प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने शव का पंचनामा कराकर पीएम के लिए भेजवाया। मृतक युवती को उम्र करीब अठारह वर्ष बतायी जा रही है। युवती के शरीर पर गले के निकट चोट के निशान पाए गए। उसके शरीर पर समीज तथा जींस मौजूद थी। विशुनपुरा के प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि राजस्व विभाग की मदद से शव पाए जाने वाली जगह की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पीएम के लिए शव भेजा गया है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की करवाई की जाएंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।