Hindi NewsUttar-pradesh NewsKushinagar NewsIndian Man Sukhen Returns Home After 6 Months in Dubai Jail

सकुशल लौटा दुबई की जेल में फंसा कुशीनगर का मजदूर

Kushinagar News - कुशीनगर के सुखेन गोंड, जो रोजगार की तलाश में दुबई गए थे, छह महीने बाद घर लौट आए। दुबई में उनके वीजा रद्द होने के बाद उन्हें जेल में रखा गया था। भारतीय दूतावास और प्रवासी मजदूर फाउंडेशन की मदद से...

Newswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगरSun, 16 March 2025 09:57 AM
share Share
Follow Us on
सकुशल लौटा दुबई की जेल में फंसा कुशीनगर का मजदूर

कुशीनगर। छह माह से दुबई में फंसा विशुनपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिलकपट्टी निवासी सुखेन पुत्र धोढ़ा गोंड सकुशल घर आ गया है। वह रोजगार की तलाश में दुबई गया था। छह माह पूर्व परिवार से अंतिम संपर्क हुआ था, जिसके बाद उससे कोई बातचीत नहीं हो सकी। इस कारण परिवार बेहद चिंतित था और आशंका जताई जा रही थी कि सुखेन की हत्या हो चुकी है। आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान इससे संबंधित खबर प्रकाशित की थी। इधर, सुखेन की पत्नी ने कई माइक्रोफाइनेंस कंपनियों से ऋण लिया था, जिसकी किस्त भरने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में ग्राम सभा के निवासी बलराम कुशवाहा ने प्रवासी मजदूर फाउंडेशन संस्था की मदद से भारतीय दूतावास से संपर्क किया। वहां से मिली जानकारी के अनुसार, सुखेन दुबई में अपनी कंपनी में नियमित रूप से काम पर नहीं जाते थे और शराब के आदी हो गए थे। इस वजह से कंपनी ने उनका वीजा रद्द कर दिया और उन्हें निकाल दिया।

इसके बाद से उनका भारतीय दूतावास या किसी अन्य संस्था से कोई संपर्क नहीं हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए विजय मद्धेशिया और प्रदीप पांडेय ने संबंधित कंपनी का दौरा किया, लेकिन कंपनी ने वास्तविक स्थिति बताने से बचने की कोशिश की। इसके बाद इन दोनों व्यक्तियों ने दुबई सीआईडी और पुलिस से संपर्क किया।

जांच में पता चला कि सुखेन के खिलाफ अल-कुरेशी पुलिस स्टेशन में एक केस दर्ज है और उन्हें वरशान जेल में रखा गया है। भारतीय दूतावास के पीआरओ ने जेल का दौरा किया और सुखेन को रिहा करवाने की प्रक्रिया शुरू की। जेल प्रशासन ने बताया कि उनके आपातकालीन पासपोर्ट के लिए आवेदन करना होगा, जिससे उन्हें भारत वापस भेजा जा सके।

इसके बाद सभी जरूरी दस्तावेज तैयार किए गए और 10 मार्च, 2025 को आपातकालीन पासपोर्ट जारी किया गया। 13 मार्च, 2025 को दुबई एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए सुखेन का निशुल्क टिकट बुक किया गया और 14 मार्च की सुबह 8:00 बजे, होली के दिन वह सकुशल अपने घर लौट आए। उनके लौटने से परिवार में खुशी का माहौल है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।