नारायणी नदी पर पक्के पुल के निर्माण को शुरू हुआ सर्वे
Kushinagar News - खड्डा, हिन्दुस्तान संवाद। रेतावासियों को तहसील मुख्यालय से सीधे जोड़ने के

खड्डा, हिन्दुस्तान संवाद।
रेतावासियों को तहसील मुख्यालय से सीधे जोड़ने के लिए नारायणी नदी पर पक्के पुल के निर्माण की कवायद शुरू हो गयी है। सेतु निगम देवरिया यूनिट की पांच सदस्यीय टीम ने शनिवार को इसके लिए खड्डा क्षेत्र के ग्राम भैंसहा स्थित नारायणी तट पर पहुंचकर पक्का पुल निर्माण को सर्वे शुरू कर दिया। टीम नदी के इस पार व उसपार नाव से तीन दिनों तक सर्वे करेगी। इसके बाद शासन को पुल निर्माण का इस्टीमेट तैयार करके देगी।
सेतु निगम की टीम द्वारा पक्का पुल निर्माण हेतु सर्वे किए जाने की सूचना मिलते ही रेता क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। आजादी के बाद से ही खड्डा रेता क्षेत्र के ग्राम मरिचहवा, हरिहरपुर, नारायनपुर शिवपुर व महराजगंज जिले के सोहगीबरवा, बसही,भोथहा व शिकारपुर आदि गांवों में रहने वाली लगभग 20 हजार की आबादी को बाढ़ आने के चलते खानाबदोश की जिंदगी व्यतीत करनी पड़ती है। नदी उसपार बसे गांवों में जाने के लिए कोई सुगम रास्ता नहीं होने से रेतावासी बिहार के रास्ते 43 किमी की अधिक दूरी तय कर या जान जोखिम में डाल नदी के रास्ते नाव से खड्डा तहसील मुख्यालय आते जाते हैं। रेता वासियों की इन दुश्वारियों को देखते हुए तत्कालीन विधायक जटाशंकर त्रिपाठी की पहल पर वर्ष 2019 में भैंसहा घाट पर पीपा पुल लगाया गया। पीपापुल का निर्माण होने के बाद रेता वासी महज 10 किमी की दूरी तय कर खड्डा आने जाने लगे। लेकिन बरसात में नदी में पानी बढ़ने पर पीपापुल खोल दिया जाता है। चार पांच महीने तक ग्रामीणों को दुश्वारियां झेलनी पड़ती हैं।
इस समस्या को देखते हुए वर्तमान विधायक विवेकानंद पांडेय ने मुख्यमंत्री आदित्य नाथ से मिलकर भैंसहा नारायणी नदी पर लगे पीपापुल की जगह पक्का पुल के निर्माण कराने मांग की थी। जिस पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र उनकी मांगों पर अमल करने का भरोसा दिया था। बीते 29 मार्च 2023 को खड्डा तहसील भवन का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने भैंसहा घाट पर सेतु बनाये जाने की मंच से घोषणा भी की थी। 3 अगस्त 2024 को दूसरी बार खड्डा क्षेत्र के ग्राम तुर्कहा में आयोजित बाढ़ राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने दूसरी बाद मंच से भैंसहा में पीपापुल की जगह पक्का पुल निर्माण की घोषणा की। कहा था कि सांसद विजय दुबे व विधायक विवेकानंद पक्के पुल की मांग कर रहे हैं।
आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान ने बोले कुशीनगर मुहिम के तहत 9 अप्रैल के अंक में पक्के पुल के अभाव में रेता वासियों की दुश्वारियों पर खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद सांसद विजय दुबे व विधायक विवेकानंद पांडेय ने एक बार फिर शासन स्तर पर अपनी मांग दुहराई। जिसका असर हुआ कि शासन ने सेतु निगम को पुल निर्माण के लिए सर्वे करने का आदेश जारी किया। शनिवार को देवरिया सेतु निगम यूनिट के सर्वेयर विजय कुमार, दिग्विजय कुमार, असिस्टेंट इंजीनियर विवेक नायक, प्रद्युम्न कुमार, दिलीप कुमार व राहुल कुमार खड्डा क्षेत्र के भैंसहा घाट पहुंचे। पक्का पुल निर्माण के लिए सर्वे शुरु किया। टीम के सदस्यों ने बताया कि दो से तीन दिन तक यह सर्वे चलेगा। इसके बाद शासन को पुल का इस्टीमेट तैयार कर भेजा जाएगा। उधर पक्के पुल के निर्माण हेतु सर्वे शुरू होने पर रेता क्षेत्र के ग्राम प्रधान इजहार अंसारी, नरसिंह पासवान, रामसहाय दुबे, निजामुद्दीन अंसारी, लालू भगत, कोमल यादव, राकेश गुप्ता, संतोष मद्धेशिया, सुभाष राय, प्रदीप गुप्ता आदि ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री, सांसद विजय दुबे व विधायक विवेकानन्द पाण्डेय के प्रति आभार जताया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।