छिनैती के पीड़ित को किया जा रहा ब्लैकमेल
Kausambi News - जिला मुख्यालय में एक युवक से 40 हजार की छिनैती के बाद उसे आरोपी पक्ष के परिजनों द्वारा दुराचार की झूठी तहरीर देकर ब्लैकमेल किया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी लेकिन पुलिस की लापरवाही से उसे...

जिला मुख्यालय के एक युवक से चार दिन पहले 40 हजार की छिनैती हुई थी। पीड़ित ने तहरीर दी तो पुलिस ने एक आरोपी को उठा लिया था, दूसरे आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी बीच पीड़ित के खिलाफ एक आरोपी के परिजनों की ओर से दुराचार की तहरीर पुलिस को थमा दी गई। अब पीड़ित को ही ब्लैकमेल किया जा रहा है। इसमें कई संगठन के भी लोग शामिल हैं। मंझनपुर के नया नगर निवासी मो. सैफ पुत्र इदरीश कारोबारी है। जूता-चप्पल का शोरूम होने के बाद ही वह बालू व गिट्टी की सप्लाई भी करता है। मो. सैफ ने पुलिस अधिकारियों को शिकयाती पत्र देते हुए बताया कि चार दिन पहले उसने ओसा के समीप गिट्टी उतरवाई थी।
इसका हिसाब-किताब करके वह वापस आ रहा था। इसी बीच रास्ते में उसको लोगों ने रोक लिया। मारपीट करते हुए उससे 40 हजार रुपया नकद छीन लिया। मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को उठा लिया। उसने पहचान की तो पुलिस ने शिकंजा कस दिया। इसके बाद दूसरे युवक की भी धरपकड़ में पुलिस जुटी थी। इसी बीच साजिश के तहत उसके खिलाफ दुराचार की तहरीर आरोपी पक्ष के परिजनों की ओर से डलवा दी गई। पुलिस की ढिलाई व लापरवाही की वजह से अब उसके मामले की अनदेखी कर उसको ही परेशान किया जा रहा है। साथ ही आरोपी पक्ष व कई संगठन के लोग उसको ब्लैकमेल करके रंगदारी मांग रहे हैं। मामले में एएसपी राजेश कुमार सिंह का कहना है कि यदि ऐसा है तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके हिसाब से कार्रवाई कराएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।