बीवी के रहते किया दूसरा निकाह, पति समेत सात पर मुकदमा
Kausambi News - मंझनपुर के एक गांव की महिला ने अपने पति पर बिना तलाक के दूसरा निकाह करने का आरोप लगाया है। महिला ने दहेज उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की...

मंझनपुर, संवाददाता। करारी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बिना तलाक दिए पति पर दूसरा निकाह करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
करारी थाना क्षेत्र के पिंडरा सहाबनपुर गांव की महलका बानो पुत्री रईश अहमद ने बताया कि उसका निकाह वर्ष 2022 में सरायअकिल के कटैया निवासी तौकीर पुत्र फिरोज से हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही दहेज में पांच लाख रुपया नकद व बाइक की मांग को लेकर ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया, लेकिन उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता की मानें तो उत्पीड़न से आजिज आकर 16 महीने से वह मायके में रह रही है। करीब डेढ़ महीने पहले पता चला कि पति ने अपने गांव की ही युवती से दूसरा निकाह कर लिया है। इससे परेशान पीड़िता ने मामले की शिकायत एसपी से की। एसपी बृजेश श्रीवास्तव के निर्देश पर परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी ने जांच की। आरोप सही पाए जाने पर मंगलवार को करारी पुलिस ने आरोपी पति तौफीक, देवर तप्सीर, नंद रूबी, रूही, सास जफरुल निशा, खाला मुग्गुन व खालू शमीम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। करारी इंस्पेक्टर विनीत सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।