वोट बैंक के लिए वक्फ बिल का विरोध : केशव
Kausambi News - उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करने वाली पार्टियों पर हमला बोलते हुए कहा कि कोई भी दल मुसलमानों का असली हितैषी नहीं है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने मुसलमानों के...
सिराथू स्थित पैतृक आवास पर गुरुवार को आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करने वाली पार्टियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सहित सपा, बसपा सभी विपक्षी दल मुसलमानों की हितैषी बनना चाहती हैं, अपने वोट बैंक को लेकर सब परेशान हैं, लेकिन इनमें से कोई भी दल मुसलमानों का हितैषी नहीं है। दो टूक कहा कि बिल का विरोध केवल वोट बैंक के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा के बाद यह राज्यसभा में भी पास होगा। यहां पत्रकारों से रूबरू उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में भाजपा की नरेंद्र मोदी की सरकार और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार ने मुसलमानों के लिए जो किया है, वह किसी ने नहीं किया है। इस समय मुस्लिम वोटरों को अपने-अपने बैंक के रूप में इस्तेमाल करने की लड़ाई कांग्रेस सहित भाजपा विरोधी दलों के अंदर चल रही है। सब खुद को मुसलमान हितैषी दिखाना चाहते हैं, लेकिन मुसलमानों का सही में अगर कोई सच्चा हितैषी है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। जब मुसलमान भयानक संकट के दौर से गुजर रहे थे। घर नहीं था, पीने का पानी नहीं था, खाने के लिए अन्न नहीं था, दवाई की व्यवस्था नहीं थी, पढ़ाई की सुविधा नहीं थी, तब मुसलमानों को पीएम नरेंद्र मोदी ने ये सारी व्यवस्था दी। उन्होंने विपक्षी दलों द्वारा सुप्रीम कोर्ट जाने की बात पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा सभी के लिए खुला हुआ है, जो चाहे वह जा सकता है, उन्होंने कहा कि लोकसभा में वक्फ बिल पास हो गया है, पूर्ण विश्वास है कि बिल राज्यसभा में भी पास होगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, डीएम मधुसूदन हुल्गी, एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के अलावा अन्य तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम केशव का हेलीपैड पर भव्य स्वागत
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का मीठेपुर सयारा में हेलीपैड पर उतरे ही भव्य स्वगात किया गया। पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने माला फूल पहनाकर स्वागत किया। जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें पुलिस कर्मियों ने सलामी दी। उप मुख्यमंत्री ने मां शीतला अतिथि गृह में महात्मा बुद्ध, महान सम्राट अशोक, डॉ भीमराव आम्ब्ेडकर, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी समेत अन्य विभूतियों की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से कहा, चुनाव की तैयारी में जुट जाएं
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मां शीतला अतिथि गृह में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में डिप्टी सीएम ने कहा कि पदाधिकारी व कार्यकर्ता 2027 की तैयारी में अभी से जुट जाएं। संगठन को और मजबूत बनाएं। 27 का किला फतह करना है। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश का विकास किया है। विकास कार्य अभी हो रहे हैं। सभी वर्गों को ध्यान में रखकर कार्य कराया जा रहा है। पीएम मोदी व सीएम योगी की नीतियों को घर-घर जाकर बताएं। इस मौके पर राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा,पूर्व विधायक चायल संजय गुप्ता, नगर पालिका मंझनपुर अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी, भाजपा महामंत्री संजय जयसवाल,युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रिंकू मौर्या, नगर पालिका भरवारी अध्यक्ष कविता पासी, नगर पंचायत सिराथू अध्यक्ष भोला यादव, पूर्व विधायक सिराथू पप्पू पटेल,पूर्व अध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, शासकीय अधिवक्ता सोमेश्वर तिवारी, राहुल कुशवाहा. अजय मौर्या,सियंबर पंडा, बमभोला पंडा सहित सैकड़ो भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ने मां का पैर छूकर लिया आशीर्वाद
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य रूप से नवरात्र के पर्व पर अपनी मां से मिलने आए थे। मां शीतला अतिथि गृह से निज निवास सिराथू पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मां का पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उनका कुशल क्षेम स्वास्थ्य की जानकारी ली इसके बाद वह अपने परिवार के सभी सदस्यों से मिले और नवरात्र की शुभकामनाएं दी।
मां शीतला की सविधि पूजा कर लिया आशीर्वाद
अपने एक दिवसीय दौरे पर गृह जनपद आए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी मां का आशीर्वाद लेने के बाद प्रोटोकॉल से हटके 51 शक्तिपीठों में एक शक्तिपीठ कड़ा धाम पहुंचे। धाम पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने मां शीतला की विधि विधान से पूजा आरती कर मां को चुनरी चढ़ाकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया। साथ ही प्रदेश तथा देश की उन्नति व विकास के लिए प्रार्थना की। मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष आत्म प्रकाश पंडा एवं तीर्थ पुरोहित वरिष्ठ भाजपा नेता सप्तमी पंदानी ने उपमुख्यमंत्री को साल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
उपमुख्यमंत्री ने सुनी जनता की समस्या, निस्तारण का दिया भरोसा
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गेस्ट हाउस में जनपद के विभिन्न स्थानों से आए शिकायतकर्ताओं की समस्या को सुनते हुए जिम्मेदारों को समस्या के जल्द एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने जिम्मेदारों को सख्त लहजे में कहा की समस्या के निस्तारण में किसी तरह की हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए।
अतिथि गृह से शीतला धाम तक सुरक्षा चौकस
उपमुख्यमंत्री के ग्रह जनपद आगमन को लेकर कौशांबी पुलिस अलर्ट मोड पर रही, हेलीपैड से मां शीतला अतिथि गृह एवं निज निवास से शीतला धाम मंदिर तक पुलिस के जवानों का कड़ा पहरा रहा। पुलिस अधीक्षक बृजेश श्रीवास्तव स्वयं सुरक्षा की मॉनीटरिंग कर रहे थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।