फतेहपुर गंगा घाट पर दफन किया गया प्रेमी युगल का शव
Kausambi News - चरवा थाने के चौराडीह गांव में प्रेमी युगल के शव गोशाले में मिले। रंजीत रैदास और सरिता ने परिवार की पाबंदियों के कारण आत्महत्या कर ली। उनके शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया। दोनों...

चरवा थाने के चौराडीह गांव में शुक्रवार सुबह गोशाले में मिले प्रेमी युगल का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। परिजनों ने प्रेमी युगल की अर्थियां गांव से एक साथ फतेहपुर गंगा घाट के लिए रवाना हुई। परिजनों ने दोनों के शवों को घाट पर दफन कर दिया। चौराडीह गांव निवासी रंजीत रैदास (19) पुत्र बिहारी लाल रैदास का पड़ोस की सरिता (18) पुत्री नंदलाल सरोज से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों से छिपकर दोनो एक दूसरे से मिलते थे। एक साल पहले परिजनों को इसकी प्रेम कहानी की भनक लगी तो दोनो के मिलने जुलने पर पाबंदी लगा दी गई। इसी बात को लेकर सरिता के भाई संजू ने दोनों की पिटाई भी कर दी थी। पिटाई के बाद प्रेमी रंजीत राजस्थान चला गया था। वहां वह एक स्टील फैक्ट्री में काम करने लगा था। इधर युवती के पिता ने उसकी शादी इलाके के सिरियावां गांव में एक युवक से तय कर दी। पांच मई को तिलक और आठ मई को बारात आनी थी। प्रेमिका ने इसकी जानकारी फोन पर अपने प्रेमी को दी। जानकारी पाकर पांच दिन पहले वह गांव आ धमका। अलग जाति के होने की वजह से परिवार के लोग एक दूसरे को अपनाने के लिए तैयार नहीं थे। गुरुवार रात प्रेमी युगल ने पड़ोसी दुर्गा प्रसाद के पशुबाड़े के भीतर भूसे की झाल पर चढ़ कर कमरे में चुल्ले के सहारे दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह मवेशियों को चारा देने गए दुर्गा प्रसाद ने प्रेमी युगल का शव फंदे पर लटका देखा तो उसके होश उड़ गए। पोस्टमार्टम के बाद देर रात एक ही गाडी से दोनो के शव को पहले चौराडीह गांव लाया गया। उसके बाद अंतिम संस्कार के लिए पूरामुफ्ती के फतेहपुर गंगा घाट ले जाकर रात आठ बजे युवती के शव को दफना दिया गया। वहीं, प्रेमी के पिता बिहारी लाल झारखंड से सीधे रात 10 बजे फतेहपुर घाट पहुंचने पर रंजीत के शव को सरिता के शव के पास ही दफना दिया गया। सीओ सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम में हैंगिंग की रिपोर्ट आई है। फिलहाल दोनों परिवारों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।