मां-बेटे पर हमला मामले में छह लोगों पर मुकदमा
Kausambi News - पिपरी थाने के सेंवथा गांव में एक पूर्व प्रधान ने अपने बेटों और साथियों के साथ मिलकर एक मां-बेटे पर बम से हमला किया और फायरिंग की। इस हमले में चार लोग घायल हुए। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग करते हुए...

पिपरी थाने के सेंवथा गांव में गाड़ी ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में पूर्व प्रधान ने अपने बेटों और साथियों के साथ मिलकर मां-बेटे पर बम से हमला करने के बाद तमंचे से फायरिंग की। हमले में चार लोग घायल हो गए थे। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने पुरखास-तिल्हापुर मोड़ मार्ग जाम कर दिया। इसके बाद पुलिस ने तीन नामजद समेत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। सेंवथा गांव निवासी राजेश कुमार पुत्र खुद्दीलाल ने बताया कि गुरुवार शाम वह बाइक से नेवादा स्थित गेस्ट हाउस में दाल पीसने के लिए जा रहा था। इसी दौरान ईंट भट्ठे के समीप पड़ोसी गांव फरीदपुर के पूर्व प्रधान के बेटे कपिल ने ओवरटेक करते हुए गाली गलौज की। विरोध करने पर उसने अपने भाई विक्रम के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। जेब से आठ हजार नकद छीन लिया। दबंगों ने पैर पकड़वाकर माफी भी मंगवाई। राजेश के अनुसार शुक्रवार दोपहर पूर्व प्रधान बादाम सिंह अपने दो बेटों और अज्ञात साथियों के साथ कार और बाइक से उसके घर पहुंचे और बम से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। तमंचे से फायरिंग भी की। हमले में राजेश, रामवती, मोहित और नीरज घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुरखास-तिल्हापुर मोड़ मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तब जाकर जाम खुल सका। रात पुलिस ने राजेश कुमार की तहरीर पर बादाम सिंह, कपिल सिंह और विक्रम समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर शिव चरन राम का कहना है कि बचे हुए आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।