Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़कानपुरMonsoon Revival Cyclone from Bay of Bengal Brings Relief with Heavy Rain in Kanpur

चक्रवाती तूफान के साथ झमाझम बरसा पानी

कानपुर में बंगाल की खाड़ी से आए तूफान ने मानसून को फिर से सक्रिय कर दिया है। मंगलवार को 40 मिमी बारिश हुई, जिससे गर्मी में राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना...

Newswrap हिन्दुस्तान, कानपुरTue, 17 Sep 2024 09:00 PM
share Share

कानपुर, वरिष्ठ संवाददाता यागी के बाद बंगाल की खाड़ी से उठे तूफान ने फिर मानसून को सक्रिय कर दिया है। मंगलवार को देर शाम तक 40 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी थी। इसने गर्मी से काफी राहत दिला दी। मंगलवार को सीजन (सितंबर) का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ने प्रदेश को फिर बादलों से ढक दिया। मध्यम से घने बादलों की घेराबंदी ने दिन में कहीं बूंदाबांदी की तो कहीं मध्यम बारिश। मौसम में इस बार बदलाव बिहार से आए बादलों के कारण हुआ है। चक्रवाती हवाओं के कारण पहले तो केवल पूर्वी उत्तर प्रदेश पर असर पड़ना था लेकिन चक्रवाती क्षेत्र विकसित होने के कारण इससे प्रदेश का निचला पूरा हिस्सा प्रभावित हो गया।

गरज चमक के साथ होती रही वर्षा

दिन में तो बूंदाबांदी हुई लेकिन शाम को तेज बारिश शुरू हो गई। देर शाम तक गरज चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी था। रात 09ः30 बजे तक 20 मिमी बारिश हो चुकी थी। देर शाम 40 मिमी बरसात दर्ज की जा चुकी थी। नगर के कई क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश हुई। शहर के दक्षिणी इलाके में अधिक बारिश हुई।

45 किमी प्रति घंटा से चलीं हवाएं

बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलती रहीं। हवा की रफ्तार 40 से 45 किमी प्रति घंटा रही। इसके चलते पेड़ों की टहनियां गिर गईं। तेज चक्रवाती हवाएं देर रात और तेज हो गईं।

गर्मी से राहत, रातें भी खुशगवार

सीजन (सितंबर) का सबसे ठंडा दिन मंगलवार रहा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से नीचे चला गया। न्यूनतम पारा भी 25.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। तेज ठंडी हवाओं के कारण मौसम खुशगवार हो गया। उमस से राहत मिल गई। वातावरण में नमी अधिक होने के कारण रात में गुलाबी सर्दी जैसा अहसास होने लगा है।

22 सितंबर तक बदला रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर तक बदला रहेगा। इससे कानपुर नगर समेत 40 जिले प्रभावित हैं। बुधवार तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 20 से 22 सितंबर को हल्की बारिश के आसार है। 23-24 सितंबर से मौसम के बदलने की उम्मीद है।

इन जिलों में रहा भारी बारिश का अलर्ट

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़ , हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर,वाराणसी, संतरविदास नगर, जौनपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर ,उन्नाव,रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन और आसपास के इलाकों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

आज भी बारिश की संभवना

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण बिहार की ओर से प्रदेश में बादलों ने प्रवेश किया है। इसका असर कानपुर मंडल में अगले 24 से 48 घंटों तक रहेगा। इससे हल्की व मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं।

सितंबर में मौसम का मिजाज

सितंबर अधिकतम न्यूनतम

14 33.0 23.8

15 32.6 25.0

16 33.5 26.4

17 32.0 25.8

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें