हीट वेव से राहत, 05-05 डिग्री गिरा रात-दिन का पारा
Kanpur News - हीट वेव से राहत, 05-05 डिग्री गिरा रात-दिन का पारा हीट वेव से राहत, 05-05 डिग्री गिरा रात-दिन का पारा

कानपुर। आठ दिन बाद रविवार को हीट वेव से राहत तो मिल गई लेकिन आंधी-बारिश से शहर वंचित रहा। सुबह बदली के बाद तेज हवाएं चलीं, जिसने गर्मी से फौरी तौर पर राहत दे दी। दिन और रात के तापमान में करीब 05-05 डिग्री की कमी आ गई। मौसम विभाग का कहना है कि 21 जून तक आंधी-पानी की संभावना बनी रहेगी। उमस भरी गर्मी जारी रहेगी। सात जून से लगातार अधिकतम तापमान 40 डिग्री के ऊपर चल रहा था। अप्रैल से जून के बीच यह पहला मौका था जब लगातार हीट वेव चली। खास बात यह भी रही कि इस दौरान पूर्वी हवाएं चलती रहीं, जिससे उमस बढ़ गई।
हीट इंडेक्स 64 तक पहुंच गया जो रेड जोन में आता है। रविवार को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिल गई। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर की ओर से आ रही लगातार नमी के चलते बादल बनने लगे। सुबह घने बादल होने के कारण करीब 10-11 बजे तक धूप से राहत मिली। इसके बाद तेज धूप खिल गई। इस दौरान कुछ देर के लिए तो दक्षिण पश्चिमी हवाएं चलने लगीं। लंबे समय तक पूर्वी हवाएं चलीं, जिससे नमी बढ़ गई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 42.9 से 38.1 डिग्री सेल्सियस और रात का पारा 30.6 से 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन और रात के तापमान करीब 05-05 डिग्री गिरे। न्यूनतम तापमान फिर सामान्य से नीचे आ गया। तेज ठंडी हवाओं की वजह वातावरण में अधिकतम नमी रही। ज्यादातर जनपदों में तापमान में कमी आई है। नमी का अधिकतम प्रतिशत 82 और न्यूनतम 51 रहा। यह सीजन की सबसे ज्यादा नमी है। नमी के लगातार बढ़ने से मानसून के समय से आने की संभावना है। फिलहाल गति को देखते हुए अब इसके 21 से 25 जून के बीच प्रदेश में आने की संभावना है। हवा की औसत गति भी 07 किमी प्रति घंटा रही जो सामान्य से अधिक रही। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 17 जून तक पूरे प्रदेश में आंधी-पानी का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कही भी आंधी-पानी संभव है। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 16 और 17 जून को तेज बारिश की संभावना जताई गई है। कानपुर में 21 जून तक हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद जताई गई है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया, उत्तर प्रदेश के रडार पर मौसमी गतिविधियां दिखने लगी हैं। इनमें कहीं-कहीं तेज हवाएं चली हैं तो कहीं हल्की बारिश हुई है। इस सप्ताह लगातार प्रदेश में गतिविधियां बनी रहेंगी। सोमवार को कानपुर और आसपास हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उमस भरी गर्मी लगातार बनी रहेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।