Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़कानपुरCM Yogi announcement during UP Police recruitment will give two lakh jobs 2 years 20 percentage girls will be recruited

यूपी पुलिस भर्ती के बीच सीएम योगी का बड़ा ऐलान, दो साल में देंगे दो लाख नौकरी, 20 फीसदी बेटियों की होगी भर्ती

  • कानपुर पहुंचे सीएम योगी ने नौकरी को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा, दो साल में दो लाख नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इनमें से एक लाख नौजवान पुलिस में भर्ती किए जाएंगे। 20 फीसदी बेटियां भर्ती होंगी, जो शोहदों का उपचार सड़कों पर ही करेंगी।

Dinesh Rathour हिन्दुस्तान, कानपुर, प्रमुख संवाददाताThu, 29 Aug 2024 12:45 PM
share Share

यूपी पुलिस भर्ती के बीच सीएम योगी ने बड़ा ऐलान कर दिया। गुरुवार को कानपुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, दो साल में दो लाख नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इनमें से एक लाख नौजवान पुलिस में भर्ती किए जाएंगे। 20 फीसदी बेटियां भर्ती होंगी, जो शोहदों का उपचार सड़कों पर ही करेंगी। कांग्रेस और सपा पर हमलावर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘लाल इमली’ कांग्रेस के भ्रष्टाचार का स्मारक है, इसका पुनरुद्धार करेंगे। लाल टोपी वाले काले कारनामों के लिए जाने जाते हैं। वह जीआईसी परिसर में 725 करोड़ की योजनाओं के लोकार्पण, व शिलान्यास के बाद समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने युवाओं को लैपटॉप, स्मार्ट फोन और नियुक्तिपत्र भी बांटे।

इरफान को मिली कर्मों की सजा

उन्होंने कहा कि सीसामऊ के पूर्व सपा विधायक इरफान सोलंकी ने गरीब की जमीन हड़पी। पूर्व राष्ट्रपति के दौरे के दिन दंगे की साजिश रची। इन्हीं कारनामों की वजह से विधायकी गई और अब जेल में सजा भुगत रहे हैं। इन्हीं कारनामों की वजह से सीसामऊ में उपचुनाव हो रहा है। कानपुर वासी यह सीट भी जिताकर भेजेंगे।

‘नवाब’ ब्रांड सपा की पहचान

योगी ने कन्नौज रेप कांड का जिक्र करते हुए कहा कि ‘नवाब’ ब्रांड ही सपा की पहचान है। यही अयोध्या में देखने को मिला। सपा नेता ने बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ किया और सपा मुखिया उसका समर्थन करते दिखाई देते हैं। लखनऊ में उनके गुंडे बारिश में बेटी को गिराने का काम करते हैं। हमने सदन में कहा था-इनके लिए सद्भावना नहीं, बुलेट ट्रेन चलेगी। 2017 के पहले कैसी कानून-व्यवस्था थी, सबने देखा है। इनके समय में क्या-क्या नहीं होता था? आज उप्र कानून-व्यवस्था का मॉडल तय करता है।

भर्तियों में परिंदा भी पर नहीं मार सकता

सीएम ने कहा कि उप्र में पुलिस भर्ती चल रही है। परीक्षा में परिंदा भी पर नहीं मार सकता। कोई कुछ करेगा, तो उसे आजीवन कारावास और एक करोड़ का जुर्माना लगेगा। बिना सिफारिश और घूस के साढे़ सात साल में साढ़े छह लाख नौजवानों ने सरकारी नौकरी पाई है।

कानपुर गंगा की अविरलता का आधार

सीएम ने कहा कि कानपुर को जाम से मुक्ति मिल रही है। पहले सीवर गंगा में उड़ेला जाता था। इसे गंगा की गंदगी का दोषी माना जाता था। अब कानपुर गंगा की अविरलता का आधार बन रहा है। कानपुर की तरक्की के लिए सरकार के सबसे वरिष्ठ मंत्री सुरेश खन्ना को जिम्मेदारी दी है। समारोह को मंत्री सुरेश खन्ना ने भी संबोधित किया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें