गर्मी कर रही बेहाल, दोपहर में पारा पहुंचा 44.8
Kannauj News - कन्नौज, संवाददाता। मई का महीना जैसे जैसे आगे बढ़ रहा है सूरज की

कन्नौज, संवाददाता। मई का महीना जैसे जैसे आगे बढ़ रहा है सूरज की तपिश भी लगातार बढ़ती रही है। हालत यह है कि गर्मी में लोगों की हालत खराब हो रही है। रविवार को तो हालत यह रही कि पारा 44 के पार हो गया। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। भीषण गर्मी में लोग घरों से कम ही निकले। वही गर्मी के चलते शहर के फुटपाथ व चौराहों पर लगे गन्ना के जूस सहित अन्य शीतल पेय की दुकानों पर लोग हलक तर करते नजर आए। रविवार की सुबह से ही सूरज की चटख किरणों ने लोगों को परेशान कर दिसा।
दोपहर आते आते गर्मी ने विकराल रूप ले लिया और अधिकतम पारा 44.8 डिग्री पहुंच गया। सड़कों पर आग उगल रही गर्मी से लोग बेहाल रहे। बहुत ही आवश्यक कार्य से लोग सड़कों पर निकले। ज्यादातर लोग घरों में ही रहे। हालांकि शनिवार की शाम कन्नौज में कुछ जगहों पर हल्की-फुल्की बूंदाबांदी हुई और मौसम खुशनुमा हो गया था। लोगों को गर्मी से खासी राहत महसूस हुई। वहीं रविवार दोपहर 12:00 से 1:00 के बीच पारा 44.8 तक पहुंच गया और गर्मी अपने चरम पर आ गई। जबिक न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री रहा। गर्मी में किसानों की भी चिंताएं बड़ी हुई हैं। मक्का की फसल में सिंचाई को लेकर किसान काफी परेशान हैं। एक तरफ बिजली आपूर्ति कम हो रही है दूसरी तरफ भीषण गर्मी में मक्का की फसल में सिंचाई की अधिक आवश्यकता हो रही है। किसानों के लिए सिंचाई का संकट बना हुआ है। वहीं ककड़ी खीरा तरबूज सब्जी की फसल पर भी गर्मी का प्रभाव साफ देखने को मिल रहा है। गर्मी में सब्जियों की आवक भी कुछ कम हो गई है। लिहाजा सब्जी और मौसमी फल के दाम आसमान छू रहे हैं । आम लोगों पर गर्मी का सीधा असर पड़ रहा है। एक ओर गर्मी में मजदूरी रोजगार करने में भी दिक्कत आ रही है तो दूसरी ओर सब्जी फल जैसी खानपान की वस्तुओं की कीमत भी बढ़ जाती है। ऐसे में दैनिक मजदूर का हाल भी खराब हो रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।