गुरसहायगंज में नहीं दिख रही सख्ती, ई रिक्शा की मनमानी जारी
Kannauj News - गुरसहायगंज में ई रिक्शा चालकों की मनमानी से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। नाबालिक चालकों द्वारा ओवरलोडिंग और सड़क पर गलत तरीके से खड़े ई रिक्शा जाम का कारण बन रहे हैं। शासन के आदेशों...

गुरसहायगंज, संवाददाता। नगर में ई रिक्शा चालकों की मनमानी थ्रम नहीं रही है। नतीजा है कि सड़क पर चलने वाला राहगीर भी इन्हें देखकर परेशान हो जाता है। सड़क पर फर्राटा भर रहे ई रिक्शा नाबालिक चला रहे हैं, तो वहीं इनकी ओवरलोडिंग हादसों को बढ़ावा दे रही है। शासन के आदेशों के बाद भी इनकी मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए जिम्मेदार मूकदर्शक बने हुए हैं। नगर में तकरीबन पांच सैकड़ा ई-रिक्शा मच्छर व मक्खियों की तरह भिन भिना रहे हैं। इनकी मनमानी इस कदर हावी है, कि बीच सड़क पर टर्न कर देते हैं। कब किस साइड में आ जाएं कोई पता नहीं। इनका संचालन दिव्यांग व नाबालिक भी करते हुए देखे जा रहे हैं। सड़कों पर फर्राटा भर रहे ई-रिक्शा ओवरलोड होकर चल रही है। ई-रिक्शा पर देखा जाए तो अक्सर 8 से 10 सवारियां तक बैठी देखी जा सकती हैं। यहां तक कि इन पर लगेज भी धोया जा रहा है।
नगर के जीटी रोड चौराहा पुलिस चौकी से लेकर रेलवे क्रासिंग तक सड़क के दोनों ओर तकरीबन एक सैकड़ा ई रिक्शा हमेशा खड़े रहते हैं। यहां तक कि आड़े तिरछे खड़े ई- रिक्शा जाम का कारण बन रहे हैं। अक्सर ई- रिक्शा के कारण जीटी रोड पर नगर के अंदर वाहन रेंगते हुए दिखाई देते हैं। यहां तक कि दुपहिया वाहन चालक भी जाम का शिकार हो जाता है। तिर्वा रोड ब्रह्मदेव के पास और जीटी रोड तिराहे पर अमूमन एक सैकड़ा ई रिक्शा सड़कों पर कब्जा जमाए रहते हैं। ई रिक्शा चालकों की मनमानी और कानून को ठेगा दिखाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हालत यह हो गए हैं कि नगर के किसी भी मार्ग पर आसानी से आगमन संभव नहीं हो पा रहा है। तमाम शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार मूक दर्शक बने हुए हैं। इनके बेलगाम संचालन से आम लोग त्रस्त हो गए हैं। दिनों दिन इनकी बढ़ती तादाद अब यातायात में व्यवधान उत्पन्न कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।