ईडी की चार्जशीट के खिलाफ कांग्रेस का कड़ा विरोध
Kannauj News - छिबरामऊ में कांग्रेस विचार मंच के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार दुबे ने ईडी द्वारा सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने का विरोध किया। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की विफलताओं से ध्यान भटकाने की...

छिबरामऊ, संवाददाता। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में नेशनल हेराल्ड मामले में चार्जशीट दाखिल करने पर कांग्रेस विचार मंच के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार दुबे ने कड़ा विरोध जताया। पुराना सौरिख बस स्टॉप स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाते हुए कहा ईडी की यह कार्रवाई पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट केंद्र सरकार की विफलताओं से ध्यान भटकाने की साजिश है। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एक आंदोलन करार दिया। विनोद कुमार दुबे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह मामला न केवल कांग्रेस नेतृत्व को निशाना बनाने का प्रयास है, बल्कि विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर इस राजनीतिक षड्यंत्र का मुकाबला करने का आवाहन किया। कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश संगठन मंत्री देवकीनंदन दुबे मुन्ना ने कहा नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की कार्रवाई निराधार और बदले की भावना से प्रेरित है। पूरे देश में विरोध प्रदर्शन कांग्रेस की राष्ट्रव्यापी रणनीति का हिस्सा है, जिसमें देशभर में ईडी कार्यालयों के सामने प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इस दौरान आशाराम यादव, अजय दुबे, बालिस्टर सिंह व राजीव अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।