जलनिगम जेई ने अपने जन्मदिन पर फांसी लगाकर दे दी जान, सुसाइड नोट में लिखी यह वजह
राजधानी लखनऊ में प्रयागराज के जलनिगम जेई ने अपने जन्मदिन पर फांसी लगाकर जान दे दी। उनके पास से सुसाइड नोट मिला है। जेई ने सुसाइड नोट फांसी लगाने की वजह बताई हे।
लखनऊ में इंदिरानगर सेक्टर-बी स्थित जल निगम कॉलोनी में प्रयागराज के जेई साकिब अहमद (34) ने अपने जन्मदिन पर फांसी लगा ली। उनके पास से मिले सुसाइड नोट में डिप्रेशन को सुसाइड की वजह बताया है। गाजीपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
साकिब अहमद (34) प्रयागराज में जल निगम में जेई के थे। सोमवार को उनका जन्मदिन था। सात माह पहले मड़ियांव की सुबुल से उनकी शादी हुई थी। रविवार रात साकिब ससुराल गए थे, जहां से देर रात घर लौट आए थे। सुबह पास में रहने वाली बहन बुतुल साकिब से मिलने पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी दरवाजा तोड़कर कमरे में गए। वहां पंखे से रस्सी के फंदे के सहारे साकिब लटके थे। आनन-फानन में फंदे से उतारकर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
साकिब के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है कि मैं डिप्रेशन में हूं। पांच दिन से सोया नहीं हूं। घुट-घुट कर जीने से अच्छा मैं खुद को खत्म कर लूं। हालांकि यह गलत है। मेरे शव को बहन की कब्र के बगल में दफनाया जाए। सबको माफ कर दिया है। इंस्पेक्टर गाजीपुर विकास राय ने कहा कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
बाजारखाला में महिला ने खुदकुशी की
वहीं बाजारखाला के बिल्लौचपुरा में साफिया (22) ने फांसी लगा ली। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पति बिल्लौचपुरा निवासी मो. आसिफ मीट की दुकान पर काम करता है। सोमवार देर शाम वह घर लौटा तो साफिया पंखे से दुपट्टे के फंदे के सहारे लटकी हुई थी। तेलीबाग एल्डिको कॉलोनी में छात्र तारिक सिद्दीकी (22) ने फांसी लगा ली। कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। छह माह पहले सगाई हुई थी। सईद सिद्दीकी का बेटा तारिक हिमाचल प्रदेश के एक कॉलेज से डी फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। सईद के चाचा जमाल सिद्दीकी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।