Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Horrific accident in UP Max was hit by a bus on Agra Aligarh bypass more than a dozen dead

यूपी में भीषण हादसा, आगरा-अलीगढ़ बाईपास पर मैक्स को AC बस ने मारी टक्कर, पांच बच्चों समेत 17 की मौत

  • यूपी में शुक्रवार की शाम भीषण हादसा हो गया। मैक्स लोडर और AC बस की टक्कर में 17 लोगों की मौत हो गई है। इसमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। 17 लोग घायल हैं। सभी एक ही परिवार के हैं।

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तानSat, 7 Sep 2024 05:34 AM
share Share

यूपी में शुक्रवार की शाम भीषण हादसा हो गया। मैक्स लोडर और एसी बस की टक्कर में 17 लोगों की मौत हो गई है। इसमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। 17 लोग घायल हैं। हादसा आगरा अलीगढ़ बाईपास रोड पर मतई गांव के पास हुआ है। बस आगरा से देहरादून जा रही थी। उसने अपने आगे चल रहे मैक्स लोडर को पीछे से टक्कर मारी है। सीएम योगी ने भी हादसे का संज्ञान लिया है। अधिकारियों को बचाव और राहत कार्य में लगने का निर्देश दिया। आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को हाथरस और अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वाले सभी आगरा के खन्दौली क्षेत्र के रहने वाले हैं। 

रोडवेज के चालक परिचालक भी घायल हो गए। हालांकि रोडवेज के अधिकारियों की मानें तो बस में 22 यात्री सवार थे। जिसमें कुछ यात्रियो को हल्की चोट आई है। वह उपचार करा कर चले गए। घायल चालक परिचालक का अलीगढ़ में उपचार जारी है। रोडवेज के अधिकारी पल पल की जानकारी करने में जुटे रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस की सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को दो–दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 50–50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्देश है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से भी मृतकों के परिजनों को दो दो लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये देने की घोषणा की है।

जनपद आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के गांव सेमरा के लोग शुक्रवार को मैक्स पिक-अप में सवार होकर हाथरस जिले के सासनी के गांव मुकुन्दखेड़ा में दावत पर आए थे। गाड़ी में करीब 35 लोग सवार थे। दावत के बाद शाम को वे अपने गांव जाने के लिए चले। जैसे ही उनकी गाड़ी आगरा-अलीगढ़ हाइवे पर गांव मीतई के निकट पहुंची तो आगरा से देहरादून जा रही रोडवेज की एसी बस से वाहन की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। 

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिक-अप में सवार लोग उछलकर काफी दूर गिरे। कई बच्चों और लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर डीएम आशीष कुमार, एसपी निपणु अग्रवाल सहित तमाम अधिकारी और कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घायलों को तुरन्त जिला अस्पताल भिजवाया। यहां पर 15 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। एक की बाद में मौत हुई। वहीं कुछ घायलों को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है।

डीएम आशीष कुमार के अनुसार रोडवेज बस और मैक्स पिक-अप की भिड़ंत में 15 लोगों की मौत हुई है। घायलों का हर संभव मदद की जा रही है। उपचार के लिए अलीगढ़ और हाथरस के अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

पति-पत्नी सहित एक ही परिवार के सभी सदस्य

गांव मीतई के पास हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पति-पत्नी समेत 16 सदस्यों की जान गई है। केवल एक रिश्तेदार ऐसा है जोकि फिरोजाबाद का रहने वाला है। इसलिए गांव और रिश्तेदारों की भीड़ जिला अस्पताल में जमा है। इस हादसे में परिवार के मुखिया मुन्ना की जान गई है। इसके अलावा मुन्ना के भतीजे इरशाद, छोटे, भोला, टल्ली, जमील, अजान, सोनू, सूफियान भतीजे लगते हैं। जबकि इस हादसे में टल्ली की पत्नी तपुसुम्म की जान भी गई है। 

इसके अलावा खुशबू पत्नी हासिम, नजमा पत्नी आविद की मौत हुई है। सभी महिलाएं मुन्ना की भतीजों की पत्नी हैं। जबकि इस हादसे में फिरोजाबाद के एक रिश्तेदार की मौत हुई है। हादसे के बाद मुरसान ब्लाक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, पूर्वचेयरमैन आशीष शर्मा, समाजसेवी रवि चौहान जिला अस्पताल पहुंच गये। लोगों को सांत्वना देते नजर आए।

पुलिस का चारों ओर कड़ा पहरा

हादसे के बाद जिला अस्पताल में सेमरा गांव ही नहीं बल्कि शहर और आसपास के रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई। देर रात तक एसपी, डीएम दोनों ही जिला अस्पताल में डेरा डाले रहे। अस्पताल में होने वाली हर गतिविधि पर पूरी नजर बनाउ हुए थे। ताकि कहीं कोई हंगामा जैसे हालात पैदा न हो जाए।

अस्पताल से पोस्टमार्टम हाउस तक मची चीख-पुकार

हाथरस जिला अस्पताल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। मृतकों व घायलों के परिवार के लोग धीरे-धीरे यहां पर जमा हो गए। लोगों के रोने-चीखने की आवाज से मातम छा गया। घटना स्थल से लेकर अस्पताल और फिर पोस्टमार्टम हाउस पर चीख-पुकार मची रही। यहां पर आए लोग एक दूसरे को समझाते हुए नजर आए। 

अपनों के शव देख लोग बदहवास हो गए। यहां पर शव देख कई के मुंह से तो यह हाय अल्ला यह क्या हो गया, निकला। पोस्टमार्टम हाउस पर रो रहे लोगों को पुलिस कर्मियों ने डांडस बंधाया। यहां पर पुलिस कर्मियों का भी कार्य काफी सराहनीय रहा।

इन लोगों की हुई मौत

क्र.सं. नाम     उम्र        पिता का नाम

1- इरशाद    40 वर्ष           वेदरिया

2- छोटे      42 वर्ष           वेदरिया

3- मुन्ना      39 वर्ष           नसीब अली

4- मुस्कान    15 वर्ष           नूर मोहम्मद

5- भोला     20 वर्ष           नूर मोहम्मद

6- हामिद उर्फ टल्ली 35 वर्ष            चुन्ना

7- तपस्सुम    32 वर्ष           पत्नी हामिद उफ टल्ली

8-  नजमा      25 वर्ष           पत्नी आविद

9-  खुशबू      25 वर्ष           पत्नी हासिम

10- जमील     35 वर्ष           गनी मोहम्मद

11- अयान      दो वर्ष           हासिम

12- सूफियान    एक वर्ष           हामिद

13- सोएव       दो वर्ष           हामिद

14- अलफाज   छह वर्ष           सोनू

15- इसरत     50 वर्ष           निवासी फिरोजाबाद

 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें