Hindi NewsUttar-pradesh NewsHardoi NewsFarmers Protest Over Errors in Real-Time Land Records and Low Sugarcane Prices in Hardoi

दो लाख किसानों के लिए घरौनी और खतौनी में त्रुटियां बनीं आफत

Hardoi News - हरदोई में किसानों ने रियल टाइम खतौनी और घरौनी में त्रुटियों को लेकर प्रदर्शन किया। भाकियू के अध्यक्ष प्रगट सिंह के नेतृत्व में किसान जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड में गलतियों...

Newswrap हिन्दुस्तान, हरदोईFri, 21 Feb 2025 05:45 PM
share Share
Follow Us on
दो लाख किसानों के लिए घरौनी और खतौनी में त्रुटियां बनीं आफत

हरदोई। किसानों के लिए रियल टाइम खतौनी और घरौनी में त्रुटियां आफत बनी हैं। अंश निर्धारण में भी हुई मनमानी से जिले में दो लाख से ज्यादा किसान तहसीलों के चक्कर काट रहे हैं। किसी का नाम तो किसी की जाति व आधार कार्ड में स्पेलिंग अलग होने से फार्मर आईडी तक नहीं बन पा रही है। इससे गुस्साई भारतीय किसान यूनियन ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। भाकियू जिलाध्यक्ष प्रगट सिंह की अगुवाई में किसान इकट्ठा हुए। कलेक्ट्रेट में नारेबाजी करते हुए किसानों ने कहा कि रियल टाईम खतौनी और घरौनी में बहुत अधिक त्रुटियां पाई जा रही हैं। इनको सुधारने की व्यवस्था दयनीय है। किसानों को बेवजह परेशान कर दौड़ाया जा रहा है। बिना पैसे के लेनदेन के कोई काम नहीं हो रहा है। इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राजस्व परिषद कैंप लगाए। इसमें रियल टाइम खतौनी और घरौनी की गलतियों को ठीक कराया जाए।

भाकियू नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में बहुत अनियमितताएं हैं। मरीजों को घंटों इलाज मिलने के लिए इन्तजार करना पड़ता है। अक्सर गंभीर मरीजों को समय से उपचार की सुविधा न मिल पाने से उनकी मौत हो जाती है। इसमें सुधार कराया जाए। डाक्टर व स्वास्थ्य कर्मी समय से उपस्थित हों। देरी करने वालों पर कार्रवाई की जाए।

किसानों ने कहा कि विकास खंड टड़ियांवा से हरिहरपुर ददनामऊ होते हुए सीतापुर को रोड जाता है। ददनामऊ गोमती नदी पुल के पास बड़े बड़े गड्ढे हैं। इसमें टेंपो, लोडर, ई-रिक्शा आदि वाहन आए दिन पलट जाते हैं। शिकायत के बाद भी इस ओर ध्यान देकर मरम्मत का कार्य नहीं कराया जा रहा है।

किसानों ने कहा कि सरकार ने गन्ने का रेट नहीं बढ़ाया है। इससे किसानों को गहरा आघात व निराशा हाथ लगी है। गन्ने का प्रति कुंतल रेट कम से कम 450 रुपया होना चाहिए। ताकि किसानों की आय बढ़ सके।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें