अश्लील इशारों का विरोध करने पर पति पर किया जानलेवा हमला
Hapur News - बाबूगढ़ के एक गांव में पत्नी को अश्लील इशारे करने वाले आरोपी के खिलाफ पति ने विरोध किया। इस पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और तमंचे से जानलेवा हमला किया। पति को गोली लगी लेकिन बच गए। पुलिस ने न्यायालय के...

बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में पत्नी को देखकर गंदे इशारे व अश्लील हरकत करने वाले आरोपी का पति ने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों, राड व तमंचे से जानलेवा हमला कर दिया। हत्या के इरादे से उस पर तमंचे से गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली नहीं लगी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया तो पीड़ित महिला ने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर बाबूगढ़ थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें बताया गया कि उसके ही गांव का अमित आए-दिन उसे देखकर गंदे इशारे व अश्लील हरकत करता था। पीड़िता ने इसकी शिकायत पति से की। इस पर पति ने आरोपी को काफी समझाया था। इस कारण अमित पीड़िता व उसके परिजन से रंजिश मानने लगा। 20 अक्टूबर को पति मजदूरों के साथ अपने खेत पर जा रहे थे। खेत पर पहुंचने के बाद वहां घात लगाए बैठे अमित, अशोक, मनीष उर्फ मनु, आशीष व अमीचंद ने पति को घेर लिया। गाली-गलौज कर पति से अभद्रता कर दी। विरोध पर आरोपियों ने लाठी-डंडों, राड व तमंचे से पति पर हमला कर दिया। आरोपियों ने तमंचे से गोली चलाकर पति की हत्या का प्रयास किया। गनीमत रही कि गोली पति को नहीं लगी और उनकी जान बच गई।
हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गए। विवाद होता देखकर आसपास खेतों पर काम करे रहे किसान मौके पर पहुंचे। जिन्हें देखकर आरोपी हत्या की धमकी देकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति को अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में पीड़िता ने थाने में तहरीर दी लेकिन, रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। थाना बाबूगढ़ प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।