दूल्हे ने पेश की मिसाल, शादी में मिले 5 लाख रुपए ठुकराए, बिना दहेज दुल्हन घर लाए
- उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में दूल्हे और उसके भाई ने दहेज ठुकरा कर मिसाल पेश की। शादी में मिले 5 लाख रुपए दहेज को ठुकरा दिया। वह बिना दहेज भाई की दुल्हन को घर ले आए। उन्होंने कहा कि दुल्हन से बड़ा कोई धन नहीं है।

यूपी के मेरठ जिले में एक दूल्हे और उसके भाई ने दहेज को ठुकरा कर मिसाल पेश की। सरधना के गांव कुशावली निवासी विहिप बजरंग दल के नेता मिलन सोम ने मिसाल कायम करते हुए अपने भाई की शादी में दुल्हन के परिवार की तरफ से दहेज में दिए गए पांच लाख रुपए ठुकरा दिए। वह बिना दहेज भाई की दुल्हन को घर ले आए। उन्होंने कहा कि दुल्हन से बड़ा कोई धन नहीं है। उन्होंने दहेज का विरोध किया और समाज के लोगों से बिना दहेज शादी करने की अपील की। दहेज का विरोध करने पर इलाके में चर्चा का विषय बना रहा। लोगों ने इस कदम की सराहना की।
गांव कुशावली निवासी मिलन सोम विहिप बजरंग दल के पूर्व प्रांतीय सुरक्षा प्रमुख हैं। रविवार को उनके भाई विशाल सोम की शादी थी। गंगानगर निवासी ठाकुर नरेश चौहान के यहां बारात गई थी। दुल्हन पक्ष ने बारातियों का जोरदार स्वागत किया। विधि विधान से शादी की सभी रस्में पूरी की गईं। जैसे ही टीके के दौरान दुल्हन पक्ष ने दूल्हे को पांच लाख रुपए देने चाहे तो मिलन सोम ने हाथ जोड़ते हुए पैसे लेने से इनकार कर दिया।
दूल्हे ने भी दहेज का विरोध किया। उसने भी इस रकम को लेने से इनकार कर दिया। दूल्हे और उसके भाई ने पैसे लौटाते हुए दहेज प्रथा का विरोध किया। उन्होंने कहा कि दुल्हन से बढ़कर कोई धन नहीं है। मिलन सोम के परिवार ने समाज के लोगों से दहेज रहित शादी करने की अपील की। दहेज का विरोध करने का मामला इलाके में चर्चा में रही। इलाके के लोगों ने इसकी सराहना की।