जनता जनार्दन है, संवाद लोकतंत्र की आत्मा: योगी
Gorakhpur News - सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया नगरीय सेवा केंद्र और सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर का

गोरखपुर। मुख्य संवाददाता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र की पहली शर्त संवाद है। संवाद के माध्यम से ही समस्याओं का निराकरण कर कारोबारी (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) और जीवन सुगमता (ईज ऑफ लिविंग) के लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है। सरकार जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं दे सके, आमजन की अधिक से अधिक सुनवाई कर सके, यही लोकतंत्र की सफलता का मूल है। मुख्यमंत्री सोमवार को सिविल लाइंस स्थित नगरीय सेवा केंद्र और सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। योगी ने कहा कि जनता को लोकतंत्र में केवल एक सामान्य नागरिक के रूप में नहीं, बल्कि जनता जनार्दन के रूप में देखा जाता है।
हमें इसी भावना को अपनाकर कार्य करना है। संवाद की संस्कृति जितनी मजबूत होगी, लोकतंत्र उतना ही सशक्त और जनहितैषी बनेगा। सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक तक सुविधाएं पहुंचें, हर समस्या का समाधान त्वरित हो और हर वर्ग की भागीदारी लोकतंत्र में सुनिश्चित हो। योगी ने कहा कि बदलते वैश्विक परिवेश में भारत विकास की नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा। उन्होंने आह्वान किया कि देश की समृद्धि हम सबके जीवन का ध्येय होना चाहिए। इसी भाव से उत्तर प्रदेश ने पिछले आठ वर्षों से पीएम मोदी के मार्गदर्शन में नगरीकरण के विस्तार का अभियान चल रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।