Hindi NewsUttar-pradesh NewsGorakhpur NewsVillage in Panic as Local Man Exhibits Violent Behavior Family Linked to Mental Illness

रन-वे पर चलाई थी साइकिल, 12 साल जेल में रहा चाचा

Gorakhpur News - गोरखपुर के झंगहा इलाके में राम दयाल की हरकतों से पूरा गांव दहशत में है। राम दयाल ने अपने दादा-दादी पर कुदाल और टांगी से हमला किया। उसकी मां ने हत्या का केस दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार...

Newswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुरSat, 1 March 2025 04:46 AM
share Share
Follow Us on
रन-वे पर चलाई थी साइकिल, 12 साल जेल में रहा चाचा

गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। झंगहा के मोतीराम अड्डा कोइराना टोला निवासी राम दयाल की हरकत से पूरा गांव दहशत में है। ग्रामीण पूरे परिवार को मानसिक रोगियों का परिवार बता रहे हैं। राम दयाल का चाचा मेवालाल एयरपोर्ट के रन-वे पर साइकिल चलाने पर जेल जा चुका है। यही नहीं चाचा की हरकतों से गांव की महिलाएं तक परेशान थीं। जेल से आने के बाद उसमें सुधार दिख रहा था लेकिन अब भतीजे में उसकी जैसी प्रवृति दिखने लगी थी।

गांव के पूर्व प्रधान ओम प्रकाश मौर्या बताते हैं कि 2007-08 में राम दयाल का चाचा एयरपोर्ट के अंदर मजदूरी करने गया था और रन-वे पर साइकिल चलाने लगा था। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसके जेल जाने पर परिवार के किसी सदस्य ने छुड़ाने या जमानत का प्रयास नहीं किया था। ऐसे में वह 12 साल तक जेल में रहा और तीन साल पहले ही वह छूट कर आया था। पहले भी उसकी हरकतों से कई बार पुलिस पकड़ कर ले जा चुकी थी।

कुदाल और टांगी से कनपटी पर किया वार

राम दयाल ने कुदाल और टांगी से भैंस के साथ ही अपने दो दादा और दादी के कनपटी पर वार किया था। इसमें भैंस का कान कट गया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके पास से आला कत्ल के रूप में फावड़ा और एक कुल्हाड़ी बरामद किया है। शुक्रवार की सुबह हुई घटना में राम दयाल की मां ने अपने बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और वहां से जेल भेज दिया।

हंसिया से डराया तो भाग गया था पिता

राम दयाल ने गुरुवार को भी छत पर हंसिया भांजना शुरू किया था। उसकी इस हरकत से पिता घर से भाग गया था। शुक्रवार की भोर में जब उसने मां से विवाद किया, तो मां भी बेटे से डर कर भाग गई। उसके बाद वह गांव के बाहर स्थित घोठ पर पहुंचा था। वहीं पर उसके दोनों दादा-दादी रहते थे।

इलाज कराने के आश्वासन पर लौटी थी पुलिस

राम दयाल की हरकतों के चलते दो बार पहले भी पुलिस गांव पहुंची थी। पहली घटना में एक युवक पर लाठी से हमले के मामले में घरवालों ने समझौता कर लिया था तो दूसरी बार हंसिया नचाने की शिकायत पर पुलिस पहुंची थी। इस बार घरवालों की ओर से इलाज कराने की बात कहने पर पुलिस ने उसे जाने दिया था।

ग्रामीणों ने कराया पोस्टमार्टम, घर पर रहे दोनों बेटे

तीनों बुजुर्गों के शव का पीएम ग्रामीणों ने कराया। पूर्व प्रधान ओम प्रकाश मार्या व गांव के अन्य लोग पीएम के दौरान मौजूद रहे जबकि उनके दोनों बेटे घर पर मौजूद रहे।

भूत-प्रेत के साए बता डरने लगे ग्रामीण

आरोपित ने जिस तरह से भैंस को रावण और बुजुर्गों को दुष्टात्मा बताकर हत्या की बात कही, इससे ग्रामीण परिवार पर भूत-प्रेत का साया बताकर डरने लगे हैं। हालांकि ज्यादातर लोगों का कहना है कि समय से इलाज न होने से यह स्थिति पैदा हुई है।

---------------

झंगहा इलाके में हुईं घटनाएं जिसने फैलाई सनसनी

महिलाओं पर हमला करने वाले साइको ने फैलाई थी सनसनी

झंगहा इलाके में कुछ महीने पहले ही एक साइको पकड़ा गया था। वह आधी रात को महिलओं को निशाना बनाता था। साइको अजय ने पांच महिलाओं पर हमला किया था, उसके बाद पकड़ा गया था। उसके हमले से एक महिला की जान चली गई थी, वहीं बाकी चार की शक्ल सूरत बिगड़ गई थी। ज्यादातर शनिवार की रात में हमला करने वाले इस साइको को पुलिस ने जब गिरफ्तार किया, तब से महिलाओं पर हमले की वारदात रुक गई। आरोपित के सभी केस में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दिया है। वर्तमान में वह जेल में है। महिलाओं के साथ इलाके के लोग नहीं चाहते हैं कि वह छूट कर बाहर आए। उन्हें डर है कि अगर वह बाहर आया तो फिर हमला करेगा।

इस घटनाओं से भी इलाके में रही दहशत

झंगहा के सुगहा गांव में जनवरी, 2016 में राघवेन्द्र यादव व उसके साथियों ने एक ही परिवार के चाचा बलवंत व भतीजे कौशल की हत्या कर दी थी। इसके बाद 22, जुलाई, 2017 में जयहिंद व उनके पुत्र नागेंद्र की हत्या की थी। दो बार में चार मर्डर से क्षेत्र थर्रा गया और आरोपी राघवेंद्र यादव प्रदेश का मोस्ट वांटेड ढाई लाख का इनामी घोषित हुआ।

झंगहा के जड्डूपुर गांव 28 नवंबर, 2021 को रामकिशुन यादव व पौत्र विशाल की गोली मारकर हत्या से इलाके में तनाव पैदा हो गया था। घटना में छह अन्य लोगों को भी गोली लगी थी।

झंगहा के नौवाबारी पलिपा में भी आशनाई में दो युवकों की हत्या करके उनके शव को गांव से दूर खेत मे दफनाया गया था। इस घटना में गणेश (17) आकाश (16) की हत्या हुई थी। दोनों 7 जनवरी, 2022 से लापता थे और उनका शव दो सप्ताह बाद मिला था।

झंगहा के बोहाबार गोर्रा नदी में अप्रैल 2022 में एक युवक व युवती का शव मिला था। दोनों की हत्या कर शव को फेंका गया था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें