‘नो व्हीकल जोन' में तब्दील होगी इंदिरा बाल विहार की सड़क
Gorakhpur News - गोरखपुर के इंदिरा बाल विहार की सड़क को 15 जून को स्मार्ट रोड में बदला जाएगा। शाम 5 से रात 11 बजे तक इसे नो व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा। फूड पार्क में नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए जीडीए ने...

गोरखपुर। मुख्य संवाददाता। गोरखपुर के हृदयस्थल गोलघर स्थित इंदिरा बाल विहार की सूरत 15 जून बदल जाएगी। नगर निगम इंदिरा बाल विहार की सड़क को स्मार्ट रोड में तब्दील कर देगा। उधर गोरखपुर विकास प्राधिकरण फूड पार्क और बच्चों के पार्क का कायाकल्प करने की तैयारियों में जुटा है। स्मार्ट रोड लोकार्पित होने के बाद इंदिरा बाल विहार के सामने की सड़क को शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक नो व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा। इस दौरान किसी भी दोपहिया या चारपहिया वाहन का प्रवेश वर्जित रहेगा। नगर निगम सड़क पर बुलार्ड पोल लगाएगा, जो दिन में नीचे रहेंगे और शाम को ऊपर उठ जाएंगे, जिससे वाहन रुक जाएंगे।
फूड पार्क में बनेगा नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स इंदिरा बाल विहार परिसर में स्थित पुराने फूड पार्क की जगह पर आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा। इसके लिए जीडीए ने रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल जारी किया था, जिसमें छह फर्मों ने आवेदन किया है। इनमें गोरखपुर और लखनऊ की प्रतिष्ठित निर्माण कंपनियां शामिल हैं। जीडीए का लक्ष्य है कि यह प्रोजेक्ट 365 दिन में पूरा कर लिया जाए। चयनित फर्म को निर्माण के बाद 15 वर्षों तक कॉम्प्लेक्स के संचालन का अधिकार मिलेगा। इस दौरान फर्म को सभी निर्माण संबंधी अनुमति और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करना होगा। निर्माणकर्ता फर्म को कॉम्प्लेक्स की 150 वर्ग फीट आकार की 10 दुकानें जीडीए को देनी होंगी, जिनका उपयोग वर्तमान दुकानदारों के लिए किया जाएगा। इन दुकानों से किराया जीडीए वसूल सकेगा, जबकि कॉमन एरिया के रखरखाव शुल्क का अधिकार फर्म के पास रहेगा। शाम को भारी भीड़, जाम से राहत के लिए बड़ा कदम इंदिरा बाल विहार क्षेत्र में शाम के समय दुकानों के बाहर भारी भीड़ और जाम की स्थिति बनती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने सड़क को नो व्हीकल जोन में तब्दील करने का निर्णय लिया है। मुख्य अभियंता संजय चौहान ने बताया कि स्मार्ट रोड की डिजाइन भी ऐसी होगी कि भारी वाहन यहां से आसानी से नहीं गुजर सकें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।