नगर निगम के पांच कर्मियों का वेतन रोका गया
Gorakhpur News - गोरखपुर नगर निगम के पांच कर्मियों को शिकायत निस्तारण में लापरवाही बरतने के कारण कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने इन कर्मचारियों का वेतन रोकने और जवाब-तलब करने का आदेश...

गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। शिकायत निस्तारण में लापरवाही बरतना नगर निगम के पांच कर्मियों को भारी पड़ गया है। एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आइजीआरएस) पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण में अनियमितता के आरोप में अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने इन कर्मचारियों का वेतन रोकने के साथ ही उनसे जवाब-तलब किया है। कार्रवाई नगर निगम के अवर अभियंता विवेकानंद, अजय कुमार शर्मा और सूरज सोनकर, मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश कुमार विरौनिया और सहायक कंप्यूटर प्रोग्रामर जावेद अनवर के खिलाफ की गई है। इन सभी पर आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने, तय प्रारूप में सूचना न देने और कार्य में उदासीनता का आरोप है। सोमवार को हुई कार्रवाई से उम्मीद है कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित होगी।
शिकायतों के निस्तारण में लगातार मिल रही थीं शिकायतें
शहरवासियों द्वारा नगर निगम से जुड़ी समस्याएं आइजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई जाती हैं। बीते कुछ समय से शिकायतों की बढ़ती पेंडेंसी और समयावधि बीतने के बावजूद समाधान न होने की वजह से शासन ने नगर निगम से जवाब मांगा था। जांच में सामने आया कि कई शिकायतों के समाधान को लेकर नगर निगम के संबंधित कर्मचारी लापरवाह रहे हैं। साथ ही, निस्तारण की रिपोर्ट भी निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत नहीं की गई थी। इसी आधार पर नगर आयुक्त कार्यालय ने संबंधित पांच कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
आइजीआरएस पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर पांच कर्मियों का वेतन रोका गया है। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
-निरंकार सिंह, अपर नगर आयुक्त
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।