फैक्ट्री हादसे में झुलसे मजदूर की इलाज के दौरान हुई मौत
Gorakhpur News - गोरखपुर के सहजनवा स्थित गीडा में एक फास्ट फूड फैक्ट्री में सिलेंडर और बॉयलर फटने से एक मजदूर हजरत बिलाल की मौत हो गई। वह बिहार के अररिया का निवासी था और 95% झुलस गया था। पिछले तीन दिन से उसका इलाज चल...

गोरखपुर। वरिष्ठ संवाददाता। सहजनवा के गीडा स्थित फास्ट फूड फैक्ट्री के हादसे में झुलसे एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर की पहचान हजरत बिलाल के रूप में हुई है। वह बिहार के अररिया का रहने वाला है। वह हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। डॉक्टर के मुताबिक वह करीब 95 फ़ीसदी झुलसा था। पिछले तीन दिन से उसका इलाज मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में चल रहा था। उसकी हालत नाजुक थी। शनिवार की सुबह उसकी मौत हो गई। दरअसल गीडा स्थित फास्ट फूड फैक्ट्री में बीते बुधवार को सिलेंडर और बॉयलर फटने से धमाका हो गया। इस हादसे में 7 मजदूर झुलस गए थे। उन्हें गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को तीन मजदूरों की हालत में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज किया गया। मेडिकल कॉलेज में चार मजदूरों का इलाज चल रहा है। शनिवार को उनमें से एक की मौत हो गई। अभी भी तीन मजदूरों का इलाज बर्न वार्ड में चल रहा है। इसकी तस्दीक बर्न वार्ड के विभागाध्यक्ष डॉ नीरज नाथनी ने की। उन्होंने बताया कि अभी भी एक मजदूर की हालत चिंताजनक बनी हुई है। दो अन्य मजदूर की हालत धीरे-धीरे सुधर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।