दिल्ली से आए यात्री विमान में फंसे, पूर्व डिप्टी सीएम को लाउंज में करना पड़ा इंतजार
Gorakhpur News - गोरखपुर एयरपोर्ट पर रविवार को यात्रियों को विमान में ढाई घंटे की देरी के बाद एक घंटे तक फंसा रहना पड़ा। अकासा और स्पाइस जेट की फ्लाइट्स में देरी के कारण यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई है। एक यात्री ने...

गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। गोरखपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। एक बार फिर रविवार को यात्रियों के विमान में फंसे रहने का मामला प्रकाश में आया है। दिल्ली से गोरखपुर आने वाली अकासा की फ्लाइट ढाई घंटे की देरी से पहुंची जिसकी वजह से विमान को टैक्सी-वे में करीब एक घंटे तक खड़े रहना पड़ा। करीब साढ़े पांच बजे एप्रन खाली होने के बाद यात्री विमान से उतर सके। उधर, पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को दिल्ली जाने के लिए एयरपोर्ट लाउंज में करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। दरअसल, दोपहर सवा तीन बजे गोरखपुर आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट करीब 1.45 घंटे लेट होकर पांच बजे लैंड हुई। दिल्ली से गोरखपुर आने वाली अकासा की फ्लाइट क्यूपी 1880 निर्धारित समय 2 बजे की बजाए शाम 4.36 बजे गोरखपुर लैंड हुई। करीब ढाई घंटे लेट होने की वजह से इसे एप्रन में आने की अनुमति नहीं मिली। पहले से शेड्यूल इंडिगो और स्पाइस की विमानों को बारी-बारी से निकाला गया। टैक्सी-वे में फ्लाइट के खड़े होने की वजह से यात्री नहीं उतर सके और करीब एक घंटे 15 मिनट यात्री विमान के अंदर ही फंसे रहे। पहले शेड्यूल विमान के उड़ने के बाद शाम 5.25 बजे विमान को एप्रन में लाया गया तब जाकर यात्री उतर सके। इसके बाद 6 बजे विमान यात्रियों को लेकर दिल्ली के उड़ान भर सका।
यात्रियों ने जताई नाराजगी
अकासा के विमान में फंसे एक यात्री ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा वे अधिक किराया खर्च कर इसलिए फ्लाइट से गोरखपुर आए कि जल्दी घर पहुंच जाएंगे। यहां जल्दी पहुंचना तो छोड़िए, गोरखपुर पहुंचने के बाद एक घंटे तक उसी में कैद कर दिया गया। ये बेहद ही आपत्तिजनक है। विमानन कंपनी को इसपर लिखित माफी के साथ ही पूरा किराया रिफंड करना चाहिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।