Hindi NewsUttar-pradesh NewsGorakhpur NewsGeeta Press to Publish Illustrated Srimad Bhagavatam on Art Paper

श्रीमद्भागवतमहापुराण पहली बार 200 रंगीन चित्रों के साथ आर्ट पेपर पर छपेगा

Gorakhpur News - गीता प्रेस -आर्ट पेपर पर प्रकाशित ग्रंथ के कलर सेटिंग कार्य 50 प्रतिशत पूर्ण -इस

Newswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुरWed, 19 March 2025 06:55 AM
share Share
Follow Us on
श्रीमद्भागवतमहापुराण पहली बार 200 रंगीन चित्रों के साथ आर्ट पेपर पर छपेगा

गोरखपुर, निज संवाददाता। धार्मिक ग्रंथों के प्रकाशन में अग्रणी गीताप्रेस ने चित्रमय श्रीमद्भागवतमहापुराण को आर्ट पेपर पर दो खंडों में प्रकाशित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष संस्करण का कम्प्यूटर पर कलर सेटिंग का कार्य 50 फीसदी तक पूरा हो चुका है और जल्द ही पाठकों के लिए इसे उपलब्ध कराया जाएगा। 200 रंगीन चित्रों और आकर्षक लेआउट के साथ प्रकाशित होने वाला यह ग्रंथ अधिक रोचक और संग्रहणीय होगा। गीताप्रेस इससे पहले चित्रमय श्रीरामचरितमानस, श्रीमद्भगवद्गीता ‘गीता प्रबोधनी, श्रीदुर्गासप्तशती, संक्षिप्त शिवपुराण और सुंदरकांड जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक ग्रंथों को आर्ट पेपर पर प्रकाशित कर चुका है। इन ग्रंथों की बिक्री और लोकप्रियता को देखते हुए अब श्रीमद्भागवतमहापुराण को भी आर्ट पेपर पर प्रकाशित करने की योजना बनाई गई है।

गीताप्रेस इस ग्रंथ को दो खंडों में प्रकाशित करेगा। पहले खंड का नमूना तैयार कर लिया गया है, जिसे दो महीने के भीतर पाठकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद दूसरे खंड का प्रकाशन कार्य प्रारंभ होगा। प्रारंभिक चरण में इस ग्रंथ की 3000 प्रतियां प्रकाशित की जाएंगी। हालांकि, पाठकों की मांग को देखते हुए आगे अन्य संस्करण भी प्रकाशित किए जाएंगे। श्रीमद्भागवतमहापुराण भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, उनके उपदेशों और भक्तों की भक्ति पर आधारित एक प्रमुख ग्रंथ है। इसमें सूतजी द्वारा श्रीमद्भागवतमहापुराण का परिचय, देवर्षि नारद और अन्य ऋषियों के संवाद तथा भगवान श्रीकृष्ण के अवतार और उनकी दिव्य कथाओं का संकलन किया गया है।

आर्ट पेपर पर ग्रंथों की बढ़ी लोकप्रियता

गीताप्रेस ने पहली बार 2021 में श्रीमद्भगवतगीता आर्ट पेपर पर प्रकाशित थी, जो अत्यधिक लोकप्रिय हुई। इसके बाद श्रीरामचरितमानस सहित अन्य धार्मिक ग्रंथों को भी इसी पेपर पर प्रकाशित किया गया। आर्ट पेपर की बेहतर गुणवत्ता और आकर्षक रंगीन चित्रों के कारण इन पुस्तकों की मांग लगातार बढ़ रही है।

बेहतरीन कागज से बनेगा विशेष संस्करण

इससे पहले चित्र केवल आर्ट पेपर पर छापकर साधारण कागज की पुस्तकों में जोड़े जाते थे, लेकिन अब पूरी पुस्तक आर्ट पेपर पर प्रकाशित की जा रही है। इससे चित्र और ग्रंथ दोनों की गुणवत्ता उच्चस्तरीय होगी। श्रीमद्भागवतमहापुराण का पहला संस्करण हिंदी में प्रकाशित किया जाएगा, लेकिन गीताप्रेस भविष्य में इसे अंग्रेजी, मराठी, गुजराती और अन्य प्रमुख भारतीय भाषाओं में भी प्रकाशित करने की योजना बना रहा है।

धार्मिक और आध्यात्मिक पुस्तकों की लोकप्रियता बढ़ रही है। पाठक बेहतर कागज और रंगीन चित्रों से सुसज्जित ग्रंथ अधिक पसंद कर रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए गीताप्रेस लगातार नए प्रयोग कर रहा है और अब श्रीमद्भागवतमहापुराण भी आर्ट पेपर पर प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया है।

-डॉ. लाल मणि तिवारी, प्रबंधक, गीताप्रेस

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।