प्रयागराज से लौट रहे श्रद्धालुओं की स्कार्पियो ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी, तीन की मौत
Gorakhpur News - -बांसगांव इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा, सात घायल जिला

हरनही (गोरखपुर), हिन्दुस्तान संवाद। बांसगांव इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा के पास शुक्रवार की देर रात तेज रफ्तार स्कार्पियो आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। सभी प्रयागराज में कुंभ स्नान कर लौट रहे थे। नेपाल के रहने वाले सभी श्रद्धालु बिहार से गाड़ी बुक कर प्रयागराज गए थे। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। नेपाल के रहने वाले दस श्रद्धालु स्कार्पियो बुक कर बुधवार को प्रयागराज पहुंचे थे। वहां स्नान करने के बाद रुक गए थे। शुक्रवार दोपहर में वापस घर के लिए निकले थे, लेकिन जाम की वजह से देरी हो गई। घायलों ने बताया कि स्कार्पियो तेज रफ्तार में थी। देर रात बांसगांव इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर टोल प्लाजा के आगे अचानक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। उस पर बोरे लदे हुए थे। पीछे रिफ्लेक्टर न होने की वजह से पता नहीं चला और स्कार्पियो उसमें घुस गई। हादसे में आगे की सीट पर बैठे परशुराम और बीच की सीट पर बैठी दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। बांसगांव पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को अस्पताल जिला अस्पताल भेजवाया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। चालक मुकेश की हालत गंभीर होने की वजह से यह नहीं पता चल पाया कि इन लोगों को बिहार में किस जगह पर उतारना था। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
मृतकों-घायलों के नाम
मृतकों की पहचान नेपाल के बलवा चौक, कंचनपुर निवासी हरिहर देवी (42) पत्नी जीतू यादव, वकीलनी देवी (42) पत्नी उपेंद्र यादव और परशुराम (45) के रूप में हुई है। वहीं उपेंद्र यादव, लालू देवी, जीतू यादव, मुकेश सहित सात घायल हो गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।