सहालग के चलते लगा जाम, दमकल-एंबुलेंस फंसी
Gonda News - करनैलगंज में शनिवार देर रात सहालग के चलते सरयू पुल से बहराइच और कटरारोड पर लंबा जाम लगा। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिसमें अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी फंसी रही। स्थानीय पुलिस ने देर रात...

करनैलगंज, संवाददाता। सहालग के चलते शनिवार देररात तक करनैलगंज के सरयू पुल से लेकर बहराइच व कटरारोड पर जाम की स्थिति बनी रही। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं जाम में अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी फंसी नजर आयी। देररात काफी मशक्कत के बाद स्थानीय पुलिस जाम को खुलवाने में कामयाब हुई। पहले से ही जाम के झाम का दर्द झेल रहे करनैलगंज नगर में शनिवार को सहालग के चलते लम्बा जाम लग गया। जिससे सरयू पुल बहराइच रोड व कटरारोड पर घंटो लोग जाम में फंसे नजर आये। रात नौ बजे के बाद बहराइच मोड़ पर लगे जाम में फायर टेंडर की गाड़ी भी फंसी नजर आयी।
फायर टेंडर पर तैनात कर्मियों ने बताया कि वे लगभग एक घंटे से जाम में फंसे हुए है। नगवा में आग लगने की घटना पर फायर टेंडर की गाड़ी को वहां जाना था। लेकिन सहालग के चलते बहराइच मोड़ से हुजूरपुर की तरफ काफी लंम्बा जाम लगा हुआ था। जाम की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी राजीव कनौजिया व स्थानीय पुलिस फोर्स के जवानों ने देर रात काफी मशक्त के बाद जाम को खोलवाया। लोगों ने बताया कि सरयू पुल पर कोई ट्रक खराब हो गया था। तो वहीं कटरा मार्ग, हटही मार्ग व बहराइच मार्ग पर बार बार रेलवे गेट बंद हो जाने से जाम की स्थिति बन जा रही थी। इस दौरान कई दूल्हों की गाड़ियां भी जाम में फंसी नजर आयी। जाम में फंसे लोग रेलवे क्रासिंग पर फ्लाई ओवर न बनाए जाने से सरकार को कोसते नजर आये।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।