वाहन के चपेट में आने से युवक की मौत,भाई घायल
Ghazipur News - गाजीपुर के कासिमाबाद तहसील से जन्म प्रमाण पत्र बनवाकर लौटते समय बाइक सवार दो भाइयों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। एक भाई, पवन खरवार, की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई, राजू खरवार, गंभीर रूप से...
गाजीपुर (मरदह)। कासिमाबाद तहसील से बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र बनवाकर बाइक से घर लौटते वक्त सीधऊत गांव के पास शुक्रवार की शाम को पूर्वाचल एक्स्प्रेस-वे के सर्विस रोड पर बाइक सवार दो भाइयों को किसी वाहन ने कुचल दिया। घायल हालत में दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां एक की मौत हो गई। वहीं एक भाई की हालत गंभीर है। जानकारी के अनुसार मरदह थाना के पाण्डेयपुर सुरजन गांव निवासी पवन उर्फ सरवन खरवार और राजू खरवार शुक्रवार को बड़े भाई के बच्चों के स्कूल में एडमिशन के लिए जन्म प्रमाण पत्र के लिए कागज बनवाने कासिमाबाद तहसील गए थे। लौटते समय कासिमाबाद थाने के पास सीधऊत गांव के पास अज्ञात वाहन के चपेट में आ गए। टक्कर मारने वाला वाहन दुर्घटना के बाद फरार हो गया। दुर्घटना के बाद उपचार के लिए दोनों को मरदह सीएचसी लाया गया यहां से जिला चिकित्सालय गाजीपुर रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय ले जाते वक्त देर रात पवन खरवार की मौत हो गयी। राजू खरवार को गम्भीर रूप से घायलावस्था में जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पवन उर्फ सरवन खरवार तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। दुर्घटना में घायल राजू खरवार बड़े भाई के साथ मुंबई रहता है। कुछ दिन पूर्व दोनों मुम्बई से घर आये थे। दुर्घटना की सूचना पर पाण्डेयपुर सुरजन गांव में शोक की लहर व्याप्त है। पवन खरवार के पिता बनारसी खरवार के तहरीर पर कासिमाबाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।