फर्जी दरोगा बनकर रौब गांठने वाली महिला गिरफ्तार, लोगों से कर रही थी वसूली
- यूपी के जौनपुर जिले में फर्जी महिला दरोगा गिरफ्तार कर ली गई है। बताया जा रहा है कि काफी दिनों से वह पुलिस की वर्दी में टोपी लगाकर रौब गांठ रही थी। लोगों से वसूली करती थी।
यूपी के जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सटवा में फर्जी दरोगा बनकर लोगों से वसूली कर रही एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह जेठवारा, प्रतापगढ़ की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि काफी दिनों से वह पुलिस की वर्दी में टोपी लगाकर रौब गांठ रही थी। पुलिस ने बताया कि महिला दरोगा बनकर लोगों से वसूली कर रही थी। पुलिस को कई बार शिकायत मिली थी। पुलिस महिला की तलाश में लगी थी।
महाशिवरात्रि पर्व पर दौलतिया हनुमान मंदिर पर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस फोर्स तैनात थी। इसी बीच प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र को सूचना मिली कि प्राथमिक विद्यालय सटवा के पास एक महिला दरोगा वसूली कर रही है। टीम के साथ वह मौके पर पहुंचे तो मामला सही निकला।
महिला पुलिस की वर्दी में थी। कंधे पर दो स्टार लगे थे। टोपी भी पहन रखी थी। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने पूछताछ की तो मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।थाने लाकर पूछताछ की गई तो वह भंडारी पुलिस स्टेशन जौनपुर में तैनात होने की बात कह बरगलाने लगी। भंडारी पुलिस स्टेशन से पता करने के बाद जब स्पष्ट हो गया तो केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसने अपना नाम नूरजहां पुत्री अली शेर खां, निवासी जगदीशपुर, कटरा गुलाब सिंह, थाना जेठवारा प्रतापगढ़ बताया। पुलिस ने बताया कि पहले भी उसकी इस तरह की शिकायत मिल रही थी। वह कई बार मौके पर फरार भी हो चुकी है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।