बुद्ध पूर्णिमा पर दान-पुण्य के साथ किया गंगा स्नान, धार्मिक अनुष्ठान रहे जारी
Etah News - सोमवार को जिले में बुद्ध पूर्णिमा धूमधाम से मनाई गई। लोग गंगा स्नान के लिए घाटों की ओर गए और मंदिरों में धार्मिक आयोजन किए गए। बौद्ध अनुयायियों ने शोभायात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल...

सोमवार को जिले में बुद्ध पूर्णिमा धूमधाम से मनाई गई। सुबह से दोपहर तक लोग गंगा स्नान के लिए वाहनों से घाटों की ओर रवाना होते रहे। शहर के अधिकांश मंदिरों व आश्रमों पर धार्मिक आयोजन हुए। लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सहयोग किया। बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर शहर ही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग बड़ी संख्या में गंगा स्नान के लिए निकले, जिसके चलते शहर के कासगंज रोड समेत सभी मुख्य मार्गों पर वाहनों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक रही। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार लोगों ने घरों एवं मंदिरों पर हवन, यज्ञ आदि धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए।
ब्राह्मणों, परिवार के बुजुर्गों के अलावा अपने गुरुओं को विभिन्न प्रकार की वस्तुएं दान की गईं। बुद्ध पूर्णिमा पर अधिकांश श्रद्धालु कछला, सोरों, लहरा आदि गंगा घाटों पर स्नान करने जाते नजर आए। इसके अलावा बौद्ध अनुयायियों ने नगला केवल स्थित पंचशील बौद्ध विहार पहुंचकर भगवान बुद्ध की स्तुति कर उनकी जन्मोत्सव मनाया। वहीं सनातन धर्मावलंबियों ने बुद्ध पूर्णिमा के दिन सभी चीजों का दान किया। शास्त्रों के अनुसार बुद्ध पूर्णिमा के दिन नदियों व पवित्र सरोवरों में स्नान करना बहुत ही शुभ माना जाता है। बौद्ध अनुयायियों ने भगवान की शोभायात्रा निकाली सोमवार की सुबह बौद्ध महासभा द्वारा भगवान बुद्ध की पालकी, झांकी व बैंड बाजे के साथ शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भगवान बुद्ध के अनुयायियों ने भाग लिया तथा भगवान के जयकारे लगाते हुए नारे लगाए। शोभायात्रा में भगवान बुद्ध की सुंदर झांकियां लोगों को आकर्षित करती रहीं। शोभायात्रा अंबेडकर नगर पार्क से शुरू होकर आगरा रोड, जेल रोड, गांधी मार्केट, जीटी रोड, ठंडी सड़क, निधौली रोड होते हुए नगला केवल स्थित पंचशील बौद्ध विहार पहुंची। समिति अध्यक्ष कृष्ण गोपाल बौद्ध, लाल सिंह बौद्ध, भानुप्रताप बौद्ध, विद्याराम भारती, वीरू वाल्मीकि, राजू रामरतन, उमेश दिवाकर, साहब सिंह, सुधाकर किशोर आदि मौजूद रहे। बुद्ध जन्मोत्सव मनाकर अखिलेश यादव को सीएम बनाने की शपथ ली एटा। सोमवार को सपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पार्टी के कैंप कार्यालय पर भगवान गौतम बुद्ध की जयंती बुद्ध पूर्णिमा के रूप में मनाई। जिला अध्यक्ष परवेज जुबैरी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि गौतम बुद्ध के नाम पर विदेशों में भी भारत को बड़े सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। अनिल सागर ने कहा कि बोधगया स्थित महाबोध मंदिर का प्रबंधन व नियंत्रण बौद्ध धर्म को मानने वालों के ही हाथ में होना चाहिए। सत्यवीर सिंह दिवाकर ने कहा कि बाबा साहब डा. अंबेडकर ने महात्मा बुद्ध की नीतियों से प्रभावित होकर ही बौद्ध धर्म अपनाया था। संचालन कर रहे भूपेंद्र प्रजापति ने कहा कि भगवान बुद्ध ने अपना पहला उपदेश सारनाथ में दिया था। इसके बाद 2027 के विधानसभा चुनाव पर भी चर्चा की गई और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को मंजीत सिंह यादव, शराफत हुसैन काले, राकेश गांधी, विनोद यादव, अनिल प्रधान, राजू यादव, धीरेंद्र सिंह जाटव, अनिल सागर, रामसेवक लोधी, फहीम उद्दीन वारसी, आकाश यादव, बब्लू प्रधान, पंकज, सरफराज, रविकांत, मल्लू आदि ने भी संबोधित किया। शशांक यादव, जहीर अहमद, बब्लू प्रधान, जमशेद आलम, डॉ. सतीश, डॉ. इब्राहिम अली, राहुल यादव, श्रवण कश्यप, जसवीर सिंह यादव, संदीप यादव, दीपक, सतीश कश्यप, अनुज, प्रमोद जाटव समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सकीट में हर्षोल्लास के से मनाई भगवान बुद्ध की जयंती सकीट। बुद्ध पूर्णिमा पर कस्बा के मोहल्ला अथाई स्थित पार्क में भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर बुद्ध अनुयायियों ने माल्यार्पण किया। मास्टर राकेश कुमार भास्कर ने गौतम बुद्ध के जीवन पर प्रकाश डाला। बुद्ध ने अपने ज्ञान के प्रकाश से पूरे विश्व को प्रकाशित किया। कस्बा में जगह-जगह शर्बत वितरित किया गया। गजाधर सिंह, राकेश कुमार भास्कर, बाबूराम, अशोक कुमार, चंद्रभान सिंह, कुंवरपाल, किशन लाल, राज कुमार, नीरज कुमार, लाल सिंह, अनुपम कुमार, राम बहादुर, दिनेश चंद्र, पार्षद महेश चंद्र, उदयवीर, भगवान सिंह, गिरंद सिंह, प्रेमराज, मेघ सिंह आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।