सिपाही ने दिखाया मानवीय चेहरा, महिला-किशोर पहुंचे घर
Deoria News - रामपुर कारखाना: सुभावती देवी और राकेश कुमार यादव, जो कुंभ स्नान के दौरान बिछड़ गए थे, को दो सिपाहियों की मदद से सुरक्षित घर लौटाया गया। सुभावती देवी प्रयागराज में खो गई थीं, जबकि राकेश कुमार यादव अपनी...
रामपुर कारखाना, हिन्दुस्तान संवाद। दो सिपाहियों की मदद से एक महिला और किशोर तीन दिन बाद अपने घर पहुंच गए। दोनों के घर पहुंचने पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गौतम चक मठिया गांव निवासी सुभावती देवी गांव के कुछ लोगों के साथ कुंभ स्नान करने 27 जनवरी को प्रयागराज गई थी। कपड़ा सुखाने के दौरान वह साथ आए लोगों से बिछड़ गई। उनके पुत्र अभिषेक शर्मा मां के गायब होने पर प्रयागराज पहुंचे और 2 दिन तक गंगा किनारे तलाश करते रहे। कहीं पता नहीं चलने पर वह गुरुवार की देर रात घर वापस चले आए। शुक्रवार को घर वापस पहुंची सुभावती देवी ने बताया कि अपने समूह से बिछड़ने के बाद वह खोया पाया केंद्र के पास पहुंची।
उन्होंने केंद्र पर उपस्थित सिपाहियों को अपने बिछड़ने की पूरी बात बताई। कुशीनगर का एक सिपाही अरविंद यादव अपने घर वापस आ रहा था। उसने सुभावती को मां समान बताते हुए अपने साथ ले लिया और शुक्रवार की शाम डुमरी चौराहे पर पहुंचा। आसपास के लोगों ने सुभावती को पहचान लिया और उनके पति उदय प्रताप शर्मा और बेटे अभिषेक को सूचना दिया। परिजन चौराहे पर पहुंचे और उन्हें घर ले आए।
इसी तरह सिरसिया नंबर एक गांव निवासी राकेश कुमार यादव मां के साथ को स्नान के लिए गया था। स्नान करने के बाद वह भीड़ के चलते मां से बिछड़ गया। वह भी खोया पाया केंद्र के पास पहुंचा। एक सिपाही ने उसे ₹500 देकर वापस लौटने का रास्ता बताया। वह झूसी से बनारस और फिर ट्रेन से शुक्रवार की दोपहर देवरिया पहुंचा। सूचना पर ग्राम प्रधान राकेश पासवान, मां राधिका देवी और कुछ लोग देवरिया पहुंचे और उसे घर ले आए। दोनों के घर पहुंचने पर आसपास के लोगों ने सिपाहियों को शुभकामना दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।