भाटपाररानी में कागज कारखाना लगाने का मुद्दा सदन में उठा
Deoria News - भाटपाररानी के विधायक सभाकुंवर कुशवाहा ने विधान सभा में कागज कारखाना लगाने और जसुई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली पर ध्यान आकर्षित किया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य चल रहे हैं, लेकिन...

भाटपाररानी(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। विधायक सभाकुंवर कुशवाहा ने सोमवार को विधान सभा में कागज कारखाना लगाने का मुद्दा उठाया। इसके अलावा उन्होंने जसुई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली की तरफ भी सदन का ध्यान आकृष्ट कराया। सदन में बोलते हुए विधायक ने कहा कि भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र जो उत्तर प्रदेश के अंतिम सीमा के बिहार बॉर्डर पर स्थित है और बिहार से तीन तरफ से घिरा हुआ है विगत 75 वर्षो से विकास से अछूता रहा है। लेकिन जब से प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनी है, तब से क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य हो रहे है। अनेकों सड़को का जीर्णोद्धार हुआ है। किसानों के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। क्षेत्र के विकास के लिए एक कागज कारखाना की जरूरत है। विधायक ने सदन में कागज कारखाना लगाए जाने की मांग की। इसके अलावा विधायक ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में कहा है कि क्षेत्र के जसुई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र 35 वर्षो से बदहाल है। इसके भवन पूर्ण रूप से जर्जर हो गए है परिसर जंगल बन गया है। यहां कोई डॉक्टर रहना नही चाहता है जनहित में इस अस्पताल को भी बनाने की अत्यंत जरूरत है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जिले का इकलौता चीनी मिल है जो एशिया का प्रथम चीनी मिल था। पहले की सरकारों ने इस चीनी मिल की हालत खराब कर रखी थी। जब कि देवरिया जिला चीनी मिल का कटोरा कहा जाता था। पूर्ववर्ती सरकारों की उपेक्षा से एक-एक कर अधिकांश चीनी मिलें बंद हो गईं। अब मात्र एक ही चीनी मिल इस समय चल रहा है। पूर्व की सरकार में गन्ना किसानों के साथ घटतौली होती थी लेकिन जब से भाजपा की सरकारज बनी तब से यह समस्या खत्म हो गया है और गन्ना किसानों का शत प्रतिशत भुगतान हो रहा है। 2016 में प्रतापपुर चीनी मिल में 10 लाख कुंतल गन्ना पेराई होता था लेकिन जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से निरंतर गन्ना पेराई का क्रम बढ़ा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।