Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़देवरियाSaryu River Flood Threatens Barhaj Evacuations Underway

परसिया देवार तटबन्ध पर चढ़ा पानी,बचाव में जुटा विभाग

बरहज में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 1.45 मीटर ऊपर पहुँच गया है। कई गाँवों में पानी भर गया है, जिससे 60% आबादी फंसी हुई है। तटबंध टूटने का खतरा बना हुआ है, और लोग अपने सामान और जानवरों को...

Newswrap हिन्दुस्तान, देवरियाWed, 18 Sep 2024 08:42 PM
share Share

बरहज, निज संवाददाता। सरयू नदी बेलगाम हो चुकी है और वह तबाही मचाने को आतुर दिख रही है। नदी का रौद्र रूप देख लोगों को 1998 जैसी बाढ़ की आशंका सताने लगी है। परसिया देवार तटबन्ध पर पानी चढ़ने के बाद विभाग बचाव कार्य मे जुट गया है। तटबंध कभी भी टूट सकता है तथा अब बरहज नगर में पानी फैलने लगा है। इससे रोज नए इलाके बाढ़ की चपेट में आने लगे हैं।

बरहज घाट पर बुधवार को नदी का जलस्तर 67.95 मीटर दर्ज किया गया जो खतरे के निशान से 1.45 मीटर ऊपर है। बुधवार को नदी 67.90 मीटर पर बह रही थी। सरयू और राप्ती की रफ्तार फिलहाल कम होती नजर आ रही है। बावजूद इसके विशुनपुर देवार और परसिया देवार में स्थिति गम्भीर हो गई है।

दियारा क्षेत्र के परसिया देवार का दसरसरिया टोला, राजभर टोला, चौधरी पूरा, नकिहवा, माहो टोला, बिचला टोला, विशुनपुर का कटलाहवा टोला, पश्चिम टोला, किशुन टोला, स्कूल टोला, कन्हैया टोला, चौहान बस्ती, पुराना हरिजन बस्ती, नई हरिजन बस्ती, जरलहवा टोला, श्याम लाल का टोला, केशव का टोला समेत 15 टोले पानी से मैरुण्ड है।

नदी का रौद्र रूप देख दियारा में रहने वाले लोग अपने घरों के जरूरी सामान और जानवरों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने लगे हैं। इन गावों की 60 फीसदी आबादी पानी में कैद है। गांव में आने-जाने को प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई नावें कम पड़ रही है। डेंगी से उफनाई नदी में जान हथेली पर लेकर गांव से बाहर जा रहे हैं। पशुओं के लिए चारे का संकट पैदा हो गया है।

घर में रखे भूसा में पानी भर गया है और खेत में बोया गया चारा डूब गया है। एक सप्ताह से पानी जमा होने से लोग अब जलजनित बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं। परसिया तटबन्ध पर दसरसरिया टोला के निकट पानी चढ़ गया। तटबंध टूटा तो परसिया देवार के 28 टोले और धर्मपुर देवार में तबाही मचनी तय है।

भदिला गांव बाढ़ से बना टापू

राप्ती की बाढ़ से टापू बने भदिला प्रथम में हाल बेहाल है। खेत, खलिहान, घर, स्कूल, अस्पताल हर जगह पानी ही पानी है। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कई परिवार गांव छोड़ सुरक्षित ठौर पर चले गए है। पानी के साथ आ रहे सांप और विषैले जीव जंतु घरों में पहुंच जा रहे है। डर के मारे ग्रामीणों के रात की नींद गायब है। बिनोवपुरी पर भी नदी ने दबाव बना दिया है। रुद्रपुर रोड पर पानी हिलोरे मार रहा है।

नगर के घरों में घुसने लगा है पानी

दियारा की बात कौन कहे बरहज नगर में ही बाढ़ का आलम है। नदी का पानी नगर के पटेलनगर, जयनगर और तिवारीपुर, गौरा, पुराना बरहज, रगरगंज मोहल्ले में भर रहा है। जयनगर पुल के रास्ते पानी उत्तर दिशा में जा रहा है। बेलदाढ़ में पुलिया के रास्ते पानी परसिया तिवारी की तरफ बढ़ रहा, जिससे फसलें डूब रही है।

रगरगंज प्राथमिक स्कूल पर जाने वाली सड़क पर पानी भर गया है। मुख्य मार्ग से नीलकंठ मन्दिर जाने वाले मार्ग और श्मशान घाट जाने वाला मार्ग पर पानी भर गया है। बरहज से लेकर मेहियवा तक रामजानकी मार्ग पर नदी का पानी हिलोरे मार रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें