Hindi NewsUttar-pradesh NewsDeoria NewsPanic After Stampede at Prayagraj Kumbh Mela 35 000 Arrive at Bhitni Station

प्रयागराज से 12 घंटे में भटनी पहुंचे यूपी-बिहार के 35 हजार लोग

Deoria News - प्रयागराज के संगम तट पर भगदड़ के बाद 35,000 लोग भटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे। यात्रियों के चेहरों पर भगदड़ का भय साफ नजर आ रहा था। कई लोग अपनों की तलाश में परेशान हैं और खाद्य संकट का सामना कर रहे हैं।...

Newswrap हिन्दुस्तान, देवरियाSat, 1 Feb 2025 04:12 AM
share Share
Follow Us on
प्रयागराज से 12 घंटे में भटनी पहुंचे यूपी-बिहार के 35 हजार लोग

भटनी, हिन्दुस्तान संवाद। प्रयागराज के संगम तट पर हुए भगदड़ के बाद स्नान करने गए लोगों के आने का क्रम लगातार जारी है। रेलवे की तरफ से चलाई जा रही महाकुंभ स्पेशल ट्रेनों से 12 घंटे में यूपी-बिहार के 35 हजार लोग भटनी रेलवे स्टेशन प्रयागराज से पहुंचे। उनके चेहरों पर भगदड़ का भय नजर आ रहा था। अपनों से मिलते ही चेहरे पर खुशी लौट आई। कईयों के आंखों में आंसू नजर आ रहे थे।

मौनी अमावस्या पर संगम तट भगदड़ मच गई। जिसमें कई लोगों की जान चली गई। बड़ी संख्या में लोग वहां फंस गए थे। रेलवे प्रशासन की तरफ से महाकुंभ स्पेशल ट्रेन चलाकर वहां से लोगों को उनके गन्तव्य तक पहुंचा जा रहा है। जबकि रोडवेज की तरफ से भी बसें चलाई गई हैं। शुक्रवार को भटनी रेलवे स्टेशन पर महाकुंभ स्पेशल ट्रेन आठ पहुंची और उसमें लगभग 35 हजार यात्री आए। उसमें यूपी के साथ ही पड़ोसी प्रांत बिहार के भी यात्री शामिल रहे।

यात्री जब रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो उनके चेहरे पर भगदड़ का भय दिख रहा था। सिवान के रहने वाले मनोज ने बताया कि वह मौनी अमावस्या पर स्नान करने के लिए गए थे। अचानक भगदड़ हो गई। इसलिए वह स्नान तक नहीं किए। उन्होंने कल स्नान किया है और अब वह घर आ रहे हैं। जान बच गई, यह बड़ी बात है। यही बात गोपालगंज की उर्मिला देवी ने भी बताया। उन्होंने बताया कि वहां की स्थिति काफी खराब है, भगदड़ स्थल पर लोगों का चप्पल व सामान भारी संख्या में पड़ा है। बहुत से लोग इस भगदड़ के शिकार हुए हैं।

आंखों में आंसू, हाथों में तस्वीर लिए अपनों की तलाश में भटक रहे लोग

बड़ी संख्या में भटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे लोग काफी परेशान नजर आए। भटनी की मनोरमा देवी ने बताया कि वहां की स्थिति काफी खराब है। बड़ी संख्या में लोग बिछड़ गए हैं। आंखों में आंसू व हाथों में तस्वीर लेकर अपनों की तलाश में लोग भटक रहे हैं। सभी के चेहरे केवल इतने बता रहे हैं कि उनका कोई अपना बिछड़ गया है।

कई-कई दिनों से वह लोग भोजन तक नहीं किए हैं। कभी पुलिस के पास तो कभी भीड़ में जाकर लोग अपनों की तलाश कर रहे हैं। सबसे अधिक लोग रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन पर तलाश कर रहे हैं। यही बात भोरे के मनोज कुमार ने भी बताई। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बिछड़े लोगों की शिकायतें पुलिस से दर्ज कराई जा रही है। पुलिस हर टेंट में लोगों की तलाश कर रही है।

मनमाना रुपये वसूल रहे वाहन चालक

प्रयागराज से यूपी-बिहार के विभिन्न जिलों के लोगों को ट्रेनें लाकर भटनी तो छोड़ दे रही है, यहां से जाने के लिए यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। प्राइवेट वाहन चालक मनमानी रुपये वसूल रहे हैं।

सदर रेलवे स्टेशन पर भी दिखी यही स्थिति

देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर भी बड़ी संख्या में लोग प्रयागराज से विभिन्न ट्रेनों से पहुंचे। उनके चेहरे पर भी भय नजर आया। कोई वाहन से तो कोई पैदल ही अपने घरों को निकल पड़ा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें