कीर्तन गाकर लौट रहे बाइक सवार की गोली मारकर हत्या
Deoria News - सुरौली (देवरिया) में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राममूरत चौहान, जो कीर्तन गाते थे, हनुमान मंदिर से लौटते समय अज्ञात बदमाशों के हमले का शिकार हुए। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर मामला दर्ज...

सुरौली(देवरिया), हिन्दुस्तान संवाद। कीर्तन गाकर घर लौट रहे व्यक्ति की शनिवार की रात अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद सनसनी फैल गई। रात में ही एसपी, एएसपी समेत अन्य अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। इस मामले में पत्नी की तहरीर पर पुलिस अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सुरौली थाना क्षेत्र के सुकई परसिया के रहने वाले राममूरत चौहान(55) पुत्र स्व.शिवमंगल उर्फ झोकई चौहान पहले मर्चेंट नेवी में नौकरी करते थे। कुछ वर्ष पहले हर्ट का आपरेशन होने के बाद वह घर आ गए। साथ ही कीर्तन गाने का कार्य करते थे। शनिवार की शाम वह नगर पालिका परिसर स्थित हनुमान मंदिर में कीर्तन गाने गए थे। रात को उनकी पत्नी मधुरानी ने फोन किया तो वह घर निकलने की बात कहे और लगभग साढ़े नौ बजे के करीब वह वहां से निकल गए। सब्जी मंडी रोड होते हुए गांव के लिए चल दिए। धमऊर परशुराम व धमऊर गोपाल के बीच पहुंचे थे कि सुनसान स्थान पर अज्ञात बदमाशों ने उनके सीने में गोली मार दी।
गोली सीने को चीरते हुए पीठ से बाहर निकल गई। गोली लगते ही उनकी मौत हो गई। गुजर रहे किसी राहगीर ने यूपी 112 पर इसकी सूचना दी। सूचना पर सुरौली व सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ देर में ही एसपी विक्रांत वीर, एएसपी सुनील कुमार सिंह, अरविंद कुमार वर्मा, सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी, सीओ बरहज अंशुमन श्रीवास्तव भी पहुंच गए और घटना स्थल का निरीक्षण किया। मौके से पुलिस ने देसी तमंचा, जिंदा कारतूस व खाली कारतूस बरामद किया। इस मामले में पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है।
एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या हुई है। घटना के पर्दाफाश को एसओजी, सर्विलांस समेत चार टीमों का गठन किया गया है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
सुनील कुमार सिंह, एएसपी, देवरिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।