पुनर्मतगणना में दो मतों के अंतर से कालाबन की प्रधान बनी आशा
Deoria News - गौरीबाजार के कालाबन में हुए पुनर्मतगणना में आशा देवी ने दो वोट से प्रधानी का चुनाव जीत लिया है। पहले चुनाव में पूजा देवी से एक वोट से हार गई थीं। पुनर्मतगणना में आशा देवी को 967 और पूजा देवी को 965...

गौरीबाजार(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। स्टे के बाद हाईकोर्ट के आदेश पर हुए पुनर्मतगणना में कालाबन की आशा देवी दो वोट से प्रधानी का चुनाव जीत गईं हैं। प्रधानी चुनाव में यह एक वोट से पूजा देवी से हार गईं थी।
वर्ष 2021 में हुए गौरीबाजार के कालाबन में प्रधान पद के लिए चुनाव में प्रधान पद की प्रत्याशी पूजा देवी को 967 मत व आशा देवी को 966 मत मिले थे। एक मत से पूजा देवी विजई रहीं। मतगणना में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए आशा देवी ने उप जिलाधिकारी सदर के कोर्ट में पुनर्मतगणना के लिए याचिका दाखिल किया थी। चुनाव याचिका स्वीकार कर उप जिलाधिकारी सदर न्यायालय ने पिछले महीने 19 सितंबर को कालाबन में प्रधान पद के पुनर्मतगणना का आदेश दिया था।
खंड विकास अधिकारी गौरीबाजार को तीन महीने के भीतर पुनर्मतगणना की तिथि व समय निर्धारित करने का भी आदेश दिया था। इसके खिलाफ प्रधान पूजा देवी इलाहाबाद हाईकोर्ट चली गई और पुनर्मतगणना पर रोक लगाने की याचिका दाखिल कर दी। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने कालाबन के प्रधान पद के पुनर्मतगणना पर रोक लगा दिया था। एक बार फिर सात महीने बाद कोर्ट के आदेश पर देवरिया सदर तहसील में मंगलवार रात हुए पुनर्मतगणना में पहले एक वोट से हारी आशा देवी दो वोट से चुनाव जीत गईं। पुनर्मतगणना में आशा देवी को 967 वोट व वर्तमान प्रधान पूजा देवी को 965 वोट मिले हैं। पुनर्मतगणना प्रशासन व पुलिस की कड़ी मुस्तैदी में हुई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।